घर-घर सर्वे करेंगी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

19 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान सीएमओ कार्यालय पर हुआ कार्यक्रम का मंगलवार सुबह शुभारंभ।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 05:15 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 05:15 AM (IST)
घर-घर सर्वे करेंगी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
घर-घर सर्वे करेंगी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

संवाद सहयोगी, हाथरस : संक्रामक रोगों से निपटने के लिए अब जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर सीडीओ ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। शहर के प्रमुख बाजारों से होकर रैली भी निकाली गई। एक नवंबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित मरीजों को चिह्नित करेंगी।

सीएमओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीओ आरबी भाष्कर ने फीता काटकर किया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान 19 अक्टूबर से 17 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में एक नवंबर तक आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर घरों में जमा पानी को बाहर निकलवाएंगी। हाथ घोने के बारे में लोगों को जानकारी देंगी। बुखार से पीड़ित मरीजों को चिह्नित किया जाएगा। दो हफ्तों से अधिक खांसी वाले मरीजों की क्षय रोग की जांच कराई जाएगी। खांसी वाले मरीजों की कोविड जांच भी सेंटरों पर कराई जाएगी। दो साल तक के बच्चों को चिह्नित करके टीकाकरण कराया जाएगा। नगर पालिका, डीपीआरओ व नगर पंचायत की टीमें गांवों में सफाई कार्य कराएंगी। इसके साथ ही हर विभाग को अपनी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करानी होगी। स्कूलों में प्रार्थना सभा और गोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा। ताकि विद्यार्थी घर जाकर अपने पास-पड़ोस में लोगों को जागरूक कर सकें। सीएमओ डा. चंद्रमोहन चतुर्वेदी के मुताबिक अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी। रैली के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मुकेश कुमार, डा. संतोष कुमार, डा.डीके अग्रवाल, डा.मधुर कुमार मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी