अलीगढ़ के आयकर अधिकारी व कर सहायक की सड़क हादसे में मौत

अलीगढ़ के आयकर अधिकारी 32 वर्षीय अमरजीत सिंह और कर सहायक 35 वर्षीय चंद्रभान की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:37 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:37 PM (IST)
अलीगढ़ के आयकर अधिकारी व कर 
सहायक  की सड़क हादसे में मौत
अलीगढ़ के आयकर अधिकारी व कर सहायक की सड़क हादसे में मौत

संवाद सहयोगी, हाथरस: अलीगढ़ के आयकर अधिकारी 32 वर्षीय अमरजीत सिंह और कर सहायक 35 वर्षीय चंद्रभान की सड़क हादसे में मौत हो गई। साथ में मौजूद आयकर अधिकारी प्रकाश कटियार को मामूली चोट आई है। शुक्रवार की देर रात तीनों आगरा से लौट रहे थे। गांव हतीसा में बाईपास पर इनकी कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आयकर कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयकर अधिकारी ने अलीगढ़ के वरूण ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बिहार के थाना मुंगेर क्षेत्र स्थित गांव छोटी केसोपुर निवासी अमरजीत सिंह फरवरी माह से आयकर अधिकारी के पद पर हैं। वे पहले कानपुर में इंस्पेक्टर पद पर थे। शुक्रवार को एडिशनल कमिश्नर की बैठक में शामिल होने आगरा के संजय पैलेस स्थित कार्यालय गए थे। साथ में आयकर अधिकारी प्रकाश व कर सहायक अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र स्थित मंगल बिहार कालोनी निवासी चंद्रभान थे। तीनों आइटेन कार से देर रात लौट रहे थे। इस दौरान हतीसा बाईपास पुल के पास हादसा हो गया। हाथरस गेट के इंस्पेक्टर मुनीश चंद्र ने बताया कि मृतक कर सहायक के छोटे भाई राजू कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक चालक की तलाश की जाएगी।

मौत पर रहा शोक अवकाश

: सड़क हादसे में आयकर अधिकारी व वरिष्ठ कर निर्धारण सहायक की मौत पर शनिवार को आयकर कार्यालय में शोक अवकाश रहा। आगरा से आए प्रधान आयकर आयुक्त अशोक कुमार सरोहा, अलीगढ़ मुख्यालय के एडिश्नल कमिश्नर वीके शर्मा समेत बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी व अधिकारी स्वजन को सांत्वना देने पहुंचे। दोपहर में आयकर अधिकारी अमरजीत सिंह के शव को एंबुलेंस में पोस्टमार्टम के बाद पैतृक घर बिहार भिजवाया गया। हाथरस से पहुंचे वरिष्ठ कर निर्धारण सहायक अधिकारी चंद्रभान सिंह के शव को पहले प्रतिभा कालोनी के मंगल विहार स्थित आवास पर लाया गया। यहां से शवयात्रा नुमाइश मैदान पहुंची। जहां अंतिम संस्कार किया गया। चंद्रभान दो बच्चों के पिता थे।

सात माह पहले हुआ था प्रमोशन

अमरजीत सिंह कानपुर में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। फरवरी में प्रमोशन होने पर अलीगढ़ आ गए। कानपुर की आयकर कालोनी में पत्नी वर्षा व पांच साल के बेटे समेत उनका परिवार अभी भी रह रहा है। कभी-कभी स्वजन अलीगढ़ आते-जाते रहते थे।

chat bot
आपका साथी