दोपहर का पसीना शाम की बारिश ने धोया

-कई स्थानों पर भरा हुआ है पानी लोगों को हो रही परेशानी मौसम विभाग ने दी फिर बारिश होने की चेतावनी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 04:43 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 04:43 AM (IST)
दोपहर का पसीना शाम की बारिश ने धोया
दोपहर का पसीना शाम की बारिश ने धोया

जासं, हाथरस : गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह बादल के बाद दोपहर को चिलचिलाती धूप निकली। इसके बाद शाम को शहर व अन्य इलाकों में जमकर बारिश हुई। इससे उमस भरी गर्मी और बढ़ गई। पिछले दिनों हुई बारिश का पानी अभी कई स्थानों पर भरा हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है।

शहर और देहात क्षेत्र में गुरुवार सुबह बादल छाए हुए थे। बादल छंटने के बाद सूर्यदेव के तेवर दिखाई देने लगे। धूप इतनी तेज थी कि लोगों को परेशानी हो रही थी। इससे उमस भी बढ़ रही थी। शाम को चार बजे अचानक बादल घिर आए। इसके बाद बारिश होने लगी। बारिश तेज हुई।

उधर, शहर में मथुरा रोड स्थित मोहल्ला आशीर्वाद गार्डन कालोनी में आज भी पानी भरा हुआ है। यहां के लोग मुश्किल से निकल पा रहे हैं। सबसे अधिक मुसीबत महिलाओं और बच्चों की है। वे घर से नहीं निकल पा रहे हैं।

हसायन क्षेत्र में कई दिन से हो रही बरसात के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गुरुवार की दोपहर से रिमझिम बारिश का दौर देर शाम तक चलता रहा। काली घटाओं के साथ लोगों ने फुहारों का भरपूर आनंद लिया, मगर कच्चे घरों और पशुपालक तीन दिन से हो रही बरसात से काफी परेशान दिखे। बाजार में भी दोपहर बाद काले बादलों के साथ हो रही रिमझिम बरसात से बाजार में सन्नाटा पसर गया था। पब्लिक के बोल

कालोनी में बारिश का पानी अक्सर भर जाता है। बारिश में महिला और बच्चों को घरों में कैद होना पड़ता है। दो दिन से बारिश होने से दिक्कतें और बढ़ गई हैं।

इंदु शर्मा, इस कालोनी में न तो सीवर है और न ही सड़कें। आम दिनों में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरा रहता है। यह समस्या कई दिनों में बना हुआ है।

दशरथ राना कई बार शिकायत होने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है।

डा. पवन भारद्वाज

शहर और देहात में बिजली संकट

जासं, हाथरस : बारिश से बिजली का संकट भी बढ़ गया है। शहर और देहात में ब्रेकडाउन हो रहे हैं। इससे बिजली कई बार जाने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

शहर में कांशीराम कालोनी पर 33 केवी लाइन में खराबी आने, वाटरव‌र्क्स सब स्टेशन पर ब्रेक डाउन होने से कई मोहल्लों की बिजली गायब रही। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में बुधवार से बिजली परेशान कर रही है। लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

सिकंदराराऊ में बुधवार की रात्रि को मोहल्ला ब्राह्मणपुरी में पुरानी तहसील रोड पर हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने के कारण मोहल्ला नगला शीशगर, शाहबुद्दीनगंज, काजियान, नौखेल, ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड व अन्य इलाके रातभर अंधकार में डूबे रहे। गुरुवार की सुबह करीब आठ घंटे के बाद आपूर्ति सुचारु की जा सकी। गुरुवार की सुबह करीब 11:30 बजे से शाम चार बजे तक आपूर्ति फिर ठप रही। नगर में बिजली लगातार खेल कर रही है। बिजली के आने-जाने का कोई समय निश्चित नहीं है। दिन-रात बिजली की आंख-मिचौली रहती है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं विद्युत विभाग द्वारा नगर में लगातार अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है।

chat bot
आपका साथी