केएल जैन कॉलेज प्रबंधन से छीनी 56 बीघा जमीन

सासनी में प्रतिष्ठित विद्यालय का प्रबंधन फर्जी तरीके से प्रविष्टि कराकर चला रहा था कृषि विद्यालय कार्रवाई जिलाधिकारी ने प्रविष्टि को निरस्त कर राजकीय संपत्ति में दर्ज कराई मौके पर विद्यालय प्रबंधन के लोगों से अधिकारियों की हुई नोकझोंक

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 02:38 AM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 02:38 AM (IST)
केएल जैन कॉलेज प्रबंधन से छीनी 56 बीघा जमीन
केएल जैन कॉलेज प्रबंधन से छीनी 56 बीघा जमीन

संसू, सासनी (हाथरस) : सासनी के प्रतिष्ठित केएल जैन इंटर कॉलेज प्रबंधन से 12.733 हेक्टयेर (करीब 56 बीघा) जमीन से बुधवार को जिला प्रशासन ने कब्जा हटवा दिया। इस जमीन की फर्जी तरीके से चकबंदी कराकर विद्यालय प्रबंधन कृषि विद्यालय संचालित करा रहा था। कब्जा मुक्ति के दौरान विद्यालय संचालकों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील की टीम ने कब्जा हटवाकर वहां ताला लगा दिया है।

तहसील सासनी की ग्राम पंचायत बिजहारी की गाटा संख्या 20अ 12.733 हेक्टेयर भूमि पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा कृ़षि विद्यालय संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में प्रधान सीमा देवी ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने जांच में पाया कि इस राजकीय भूमि को विद्यालय प्रबंधन के छेदीलाल पुत्र किरोड़ीलाल ने गैरदाखिल कास्तकार के रूप में ली थी। नियमानुसार गैर दाखिल कास्तकार उस जमीन को जोतने के लिए प्रयोग कर सकता है। ऐसी भूमि पर उसका स्वामित्व नहीं होता। वर्ष 1958 में छेदीलाल ने फर्जी तरीके से प्रविष्ट दाखिल कर अपने नाम चकबंदी करा ली। इसकी खतौनी कराकर विद्याभवन हाईस्कूल सासनी के नाम से विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया। बाद में यहां कृषि विद्यालय संचालित किया जाने लगा। जांच के बाद जिलाधिकारी ने छेदीलाल द्वारा कराई गई प्रविष्टि को फर्जी मानते हुए इसे निरस्त कर दिया और इस भूमि को राजकीय संपत्ति में दर्ज करा दिया। जिलाधिकारी के आदेश के बाद बुधवार को तहसीलदार निधि भारद्वाज, नायब तहसीलदार रामगोपाल आदि उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे। यहां विद्यालय संचालकों से उनकी नोकझोंक भी हुई। जिलाधिकारी के आदेश का पालन कराते हुए तहसील प्रशासन ने उक्त भूमि पर बने कमरों के ताले तुड़वाकर अपने ताले डाल दिए हैं। मेडिकल कॉलेज बनाने की चर्चाएं

संसू,सासनी : जनपद में एक मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव शासन से कुछ माह पहले आया था। इसके लिए जमीन की तलाश प्रशासन कर रहा है। उक्त भूमि पर जिला प्रशासन मेडिकल कॉलेज बनाने पर भी विचार कर रहा है। यह जगह आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर है। वहीं इगलास, हाथरस जंक्शन, नानऊ, विजयगढ़ के लिए कनेक्टिविटी भी है। प्रशासन की कार्रवाई से छात्रों के भविष्य पर संकट

संसू, सासनी : प्रशासन की कार्रवाई के बाद विद्यालय प्रबंधन के अजय जैन, विवेक जैन और प्रधानाचार्य डॉ. दीपक ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि तत्कालीन कानूनगो द्वारा प्रशासन के आदेश पर भूमि पर कब्जा दिया गया था। विद्यालय द्वारा भूमि का निरंतर राजस्व अदा किया जाता रहा है। आरोप है कि जिला प्रशासन ने उन्हें सुनवाई का पूरा मौका नहीं दिया। न ही कार्रवाई के बारे में नोटिस देकर अवगत कराया गया। आखिर ऐसी क्या वजह थी कि विद्यालय प्रशासन को आदेश की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस कार्रवाई से कृषि विद्यालय के सैकड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी।

chat bot
आपका साथी