62 केंद्रों पर 2612 को लगाया कोविड टीका

45 साल से ऊपर के लोगों के टीकाकरण पर है विशेष जोर।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 03:57 AM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 03:57 AM (IST)
62 केंद्रों पर 2612 को लगाया कोविड टीका
62 केंद्रों पर 2612 को लगाया कोविड टीका

संवाद सहयोगी, हाथरस : एक बार फिर कोरोना संक्रमण रफ्तार पकड़ रहा है। इसे रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी कोविड-19 से बचाव के लिए जारी निर्देशों का पालन करने की जरूरत है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विजेंद्र सिंह बताते हैं कि वैक्सीन लगने के बाद भी सभी का मास्क पहनना व शारीरिक दूरी का पालन करना बेहद जरूरी है। बुधवार को 62 केंद्रों पर 2612 लोगों को कोविड टीका लगाया गया।

एसीएमओ डा. सिंह ने बताया कि कोविड-19 टीकाकारण के बाद भी हमें उतनी ही सावधानी बरतनी होगी। जितनी हम उससे पहले बरतते हैं। टीकाकरण के बाद मास्क लगाने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल, सोशल डिस्टेंसिग व अन्य प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। साथ ही कोविड से बचाव के लिए दोनों डोज लगवाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 वैक्सीन संक्रमण से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के साथ हमारी सुरक्षा भी करेगा। इस समय बचाव का सबसे कारगर तरीका है मास्क पहनना व दो गज दूरी का पालन करना, जिससे संक्रमण के फैलने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। कोरोना से बचाव के लिए नियमित रूप से साबुन से हाथ धोते रहें, बिना मास्क या फेस कवर के घर से बाहर न निकलें। छींकते समय हमेशा रूमाल, टिशू और फिर अपनी बाजू का उपयोग करें। बिना हाथ धोए अपने चेहरे को छूने से बचें। किसी से बात करते समय कम से दो गज की दूरी बनाकर रखें। इसके आलावा मास्क को लेकर भी सावधानी बरतें, मॉस्क को कभी भी बाहर की तरफ से इस्तेमाल के बाद न छुएं, सर्जिकल मॉस्क एक बार से ज्यादा प्रयोग न करें, कपड़े के मास्क को अच्छी तरह से धुलने के बाद ही इस्तेमाल करें, मॉस्क को कभी उल्टा इस्तेमाल न करें।

1497 निगेटिव, तीन

की रिपोर्ट पाजिटिव

संस, हाथरस : कोरोना संक्रमण का खतरा निरंतर बना हुआ है। प्रतिदिन कोविड सैंपल स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जा रहे हैं। बुधवार को 1497 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं खोड़ा कलापुरा निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति, सादाबाद निवासी 28 वर्षीय युवक और मुरसान गेट निवासी 33 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई। अब एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। संक्रमण से बचाएगा स्वच्छता अभियान

संस, हाथरस : शहर में त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। हिदुओं का पर्व नवरात्र के एक दिन बाद मुस्लिमों का रमजान भी शुरू हो गया है। पर्वों को लेकर नगर पालिका ने शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने का कार्य मंगलवार से शुरू करा दिया।

पर्वों को लेकर स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महामारी के संक्रमण को लेकर यह और भी जरूरी हो गया है। इस समय नवरात्र का पर्व चल रहा है। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो जाता है। अब रमजान का पवित्र महीना भी बुधवार से शुरू हो गया। नगर पालिका ने इसके लिए शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। मंदिरों व मस्जिदों के अलावा बस्तियों में सफाई कार्य कराकर वहां सैनिटाइज कराया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी डा. विवेकानंद गंगवार ने बताया कि इन स्थानों पर भीड़ रहने से संक्रमण की संभावना बनी रहती है। इसीलिए यहां पर सफाई कार्य के साथ सैनिटाइजेशन का कार्य रात के समय भी कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी