चिराग व डॉ. अविन सहित 11 लोग भाजपा से बाहर

जिला पंचायत सदस्य के पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और लड़ाने पर की गई कार्रवाई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 04:00 AM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 04:00 AM (IST)
चिराग व डॉ. अविन सहित  11 लोग भाजपा से बाहर
चिराग व डॉ. अविन सहित 11 लोग भाजपा से बाहर

जासं, हाथरस : जिला पंचायत चुनाव में बगावत करने वाले भाजपाइयों पर आखिरकार हाईकमान ने गाज गिरा दी। मतदान की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम को हाईकमान ने कार्रवाई कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इनमें पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिरागवीर उपाध्याय व डॉ. अविन शर्मा के साथ उनकी पत्नी क्षमा शर्मा सहित 11 लोगों के नाम शामिल हैं। इन पर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने और लड़वाने का आरोप है।

ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। जिलाध्यक्ष गौरव आर्य के अनुसार पार्टी से निकाले गए लोगों में देवदत्त वर्मा, चंद्रवीर सिंह, कृष्णा सिसोदिया, सोनू चौहान, रानू जादौन, रिकू जादौन, गीता देवी, सोमेश यादव का नाम भी शामिल है।

वार्ड 14 से दावेदारी कर रहे डॉ. अविन शर्मा टिकट कटने पर अपनी पत्नी क्षर्मा शर्मा को निर्दलीय मैदान में उतार दिया। यहां से पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी ऋतु उपाध्याय भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं। पर्चा भरने के दौरान अविन शर्मा के पिता उमाशंकर शर्मा ने ऋतु उपाध्याय को डमी प्रत्याशी कहा था। इसका वीडियो वायरल हुआ था। इसी को लेकर डॉ. अविन शर्मा का निष्कासन किया गया है। वहीं अक्टूबर माह में भाजपा की सदस्यता लेने वाले चिरागवीर उपाध्याय को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है। उनकी मां पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय भी वार्ड 14 से प्रत्याशी हैं। चिरागवीर को सीमा उपाध्याय के प्रचार में देखा गया था। वहीं वार्ड 17 से हरेंद्र सिंह हर्राे के सामने पर्चा भरने वाले चंद्रवीर सिंह को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है। वहीं वार्ड 20 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी स्वाती सिंह के सामने पर्चा भरने वालीं कृष्णा सिसौदिया का भी निष्कासन किया गया। वार्ड पांच से भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रेमवती बघेल के सामने भाजपा नेता सोमेश यादव ने छोटे भाई की पत्नी का पर्चा भरवाया था। इसी को लेकर उन्हें पार्टी से बाहर किया गया है। बता दें कि पिछले दिनों पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वार्ड प्रभारियों के साथ जिला चुनाव संचालन समिति की मीटिग ली थी। इस मीटिग में प्रदेश अध्यक्ष से अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने और चुनाव लड़वाने की शिकायत की गई थी। जिला प्रभारी राजा वर्मा के सामने भी यह मुद्दा उठा था। पार्टी हाईकमान तक यह बात पहुंच गई थी।

chat bot
आपका साथी