अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने दी जान

-माधौगंज सांडी और कछौना में हुई घटनाएं

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 09:47 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 09:47 PM (IST)
अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने दी जान
अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने दी जान

हरदोई : जिले में आत्महत्या के मामले थम नहीं रहे हैं। गुरुवार से शनिवार तक तीन लोगों ने जान दे दी।

माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बंदापुरवा निवासी रघुवीर उर्फ सूरज मजदूरी करता था। स्वजन ने बताया कि गुरुवार को रघुवीर अपनी ससुराल गया था, जहां से शाम को वापस आया और कुछ देर बाद घर के अंदर फांसी लगा ली। स्वजन ने उसे लटकता देखा और चीख पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि रघुवीर शराब का आदी था और ससुराल में पत्नी से विवाद कर घर आया था।

सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम बखरिया निवासी मिथिलेश मजदूरी करता था। स्वजन ने बताया कि उसकी एक साल पहले शादी हुई थी और एक चार माह की बेटी हैं। गुरुवार शाम को पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने घर की छत पर जाकर फांसी लगा ली।

कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दीननगर के मजरा रामपुर निवासी सोनू का शव शुक्रवार को फंदे पर लटकता मिला। पिता शेर ने बताया कि सोनू पत्नी के साथ बाजार गया था। बाजार से आने के बाद दीननगर जाने की बात कहकर निकल गया। दोपहर में ग्रामीणों ने उसका शव फंदे पर लटकता देखा, जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंच गए।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत : बघौली : थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वह सीतापुर का रहने वाला था। मृतक के चाचा ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है।

सीतापुर के थाना मिश्रिख के ग्राम गोहरी निवासी महेंद्र खेतीबाड़ी करते थे। स्वजन ने बताया कि बघौली के संतरी खुर्द निवासी रमेश के घर में महेंद्र के दोस्त अमर सिंह की ससुराल है। शुक्रवार को रमेश के घर में शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए महेंद्र दोस्त के साथ आया था। देर रात शराब के नशे में रेलवे ट्रैक की ओर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने देखा और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। मृतक के चाचा बाबूराम ने दोस्त अमर सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। एएसपी पूर्वी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी