पूर्व प्रधान के पुत्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर दी जान

-मझिला क्षेत्र के ग्राम टुमुर्की में हुई घटना -स्वजन बोले मानसिक मंदित था

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 10:40 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 10:40 PM (IST)
पूर्व प्रधान के पुत्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर दी जान
पूर्व प्रधान के पुत्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर दी जान

शाहाबाद (हरदोई): मझिला क्षेत्र में पूर्व प्रधान के पुत्र ने गुरुवार को घर के कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर गोली मारकर जान दे दी। घरवाले का कहना है कि वह दिमागी रूप से परेशान था।

ग्राम टुमुर्की निवासी पूर्व प्रधान तौहीद खान के तीन पुत्रों में फैसल खान दूसरे नंबर पर था। तौहीद खान ने बताया कि फैसल काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार को फैसल अपने कमरे में था और पत्नी घरेलू काम कर रही थी, उसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वह कमरे में पहुंची। कमरे में फैसल खून से लथपथ पड़ा था और उसके पास में ही रिवाल्वर पड़ी थी। उन्होंने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह लोग मौके पर पहुंचे। देखते देखते लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि स्वजन मानसिक मंदित होने के कारण जान देने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फंदे पर लटकता मिला नवविवाहिता का शव, हत्या का आरोप

बेहटागोकुल (हरदोई) : नवविवाहिता का शव गुरुवार सुबह घर के अंदर फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है।

ग्राम टोलवा आट निवासी विजय आनंद गुप्ता की शादी शाहजहांपुर के थाना आरसी मिशन के ग्राम सराय कइया निवासी वर्षा गुप्ता के साथ चार माह पूर्व हुई थी। पति ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। सुबह वर्षा का शव कमरे में साड़ी से लटकता मिला। मृतका के पिता राम किशोर गुप्ता ने बताया कि चार दिन पूर्व दामाद विजय आनंद गुप्ता पुत्री वर्षा को लेने घर आए थे। दामाद ने दहेज में बाइक व एक सोने की चेन की मांग की थी। उन्होंने बाइक और सोने की चेन देने में असमर्थता जताई। इसके बाद पुत्री को लेकर आनंद घर चला गया। बुधवार रात पति, ससुर शिवराम, सास और देवर हरिओम ने पुत्री की गला दबाकर हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी