मुफ्त सिलिंडर बांटकर लोगों की आदत खराब कर रही सरकार: अखिलेश

-ईडी और सीबीआइ जांच कांग्रेस ने शुरू कराई वही अब करा रही भाजपा -भाजपा ने बनवाए शौचालय सपा सरकार ने चलाईं थी जनकल्याण कारी योजनाएं

By JagranEdited By: Publish:Sun, 31 Oct 2021 10:32 PM (IST) Updated:Sun, 31 Oct 2021 10:32 PM (IST)
मुफ्त सिलिंडर बांटकर लोगों की आदत खराब कर रही सरकार: अखिलेश
मुफ्त सिलिंडर बांटकर लोगों की आदत खराब कर रही सरकार: अखिलेश

हरदोई: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस और भाजपा को एक ही बताया है। कहा, ईडी और सीबीआइ जांच कराने की जो आदत कांग्रेस की रही और उसी रास्ते पर भाजपा चल रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा को घेरा।

माधौगंज कस्बे के एलपीएस में समाजवादी विजय रथ यात्रा लेकर पहुंचे में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जो दावा करती है कि सरदार पटेल के रास्ते पर चल रहे हैं, लेकिन आज सबसे ज्यादा किसान दुखी हैं। किसानों की आय दोगुनी नहीं हो सकी। जिस तरीके से सरकार चल रही है, सब अपमानित हो रहे हैं कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। उन्होंने यूपी कांग्रेस के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस आइना क्या दिखाएगी। कांग्रेस और भाजपा में कोई फर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में जो मंदिर है वह समाजवादी पार्टी सरकार में मैंने ही बनवाया था, जिसमें मुख्यमंत्री रोजाना पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, जिन्ना एक ही संस्था में पढ़कर बैरिस्टर बनकर आए थे।

एक ही जगह पर पढ़ाई लिखाई की थी। उन्होंने आजादी दिलाई। उन्हें किसी भी तरह का संघर्ष करना पड़ा पर वे पीछे नहीं हटे। एक विचार धारा, जिस पर पाबंदी लगाई थी, अगर किसी ने पाबंदी लगाई थी तो सरदार पटेल ने पाबंदी लगाई थी। आज जो देश की बात कर रहे हैं वह जाति और धर्म में बांटने की बात कर रहे हैं।

कहा कि अंग्रेजों ने सबसे पहले चाय पीने की आदत भारतीयों में डाली थी, जिसके कारण भारतीयों को गुलामी करनी पड़ी थी। इसी प्रकार भाजपा लोगों को मुफ्त सिलिंडर बांटकर उनकी आदत खराब कर रही है। आगे इसका अंजाम क्या होगा यह भली-भांति आप लोग जानते हैं। भाजपा ने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज की यात्रा कराएंगे। हवाई जहाज की यात्रा तो दूर पेट्रोल इतना महंगा कर दिया है कि लोगों को मोटरसाइकिल ना चला कर केवल साइकिल ही चलाना पड़ेगा सरकार ने स्वयं इस बार साइकिल चलाने का संदेश दिया है।

chat bot
आपका साथी