सरकार के खिलाफ सपाइयों ने तहसील मुख्यालयों पर किया प्रदर्शन

- जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में धांधली का लगाया आरोप - राष्ट्रपति को संबोधित एसडीएम को ज्ञापन देकर उठाई कार्रवाई की मांग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Jul 2021 10:54 PM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 10:54 PM (IST)
सरकार के खिलाफ सपाइयों ने तहसील मुख्यालयों पर किया प्रदर्शन
सरकार के खिलाफ सपाइयों ने तहसील मुख्यालयों पर किया प्रदर्शन

हरदोई : सपाइयों ने गुरुवार को सरकार को घेरते हुए तहसील मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में धांधली के साथ कई आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय समेत पांचों तहसीलों पर एसडीएम को ज्ञापन दिया। वहीं सपाइयों के विरोध को देखते हुए पुलिस फोर्स सतर्क रहा।

जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता कार्यालय पर एकत्र हुए। कार्यकर्ता कार्यालय से पैदल चलकर तहसील सदर पहुंचे और गेट पर बैठकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। एमएलसी राजपाल कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में धांधली कर लोकतंत्र की हत्या की है। सपा व निर्दलीय प्रत्याशियों को जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख का पर्चा तक नहीं भरने दिया गया। लखीमपुर में महिला प्रत्याशी के साथ अभद्रता व मारपीट की गई। पूर्व सांसद ऊषा वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेज रहा है। प्रहलाद मिश्रा, वीरेंद्र यादव, मुकुल सिंह, सुधीर गुप्ता, रामज्ञान गुप्ता आदि मौजूद रहे। संडीला में संडीला विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष आरपी यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 सूत्री ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मायाशंकर यादव को सौंपा। जिला सचिव मुकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रजीउद्दीन, अवध कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली, अमित अवस्थी, मुकेश कुमार यादव मौजूद रहे। शाहबाद में पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू ने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद तहसील में प्रदर्शन करने के लिए पैदल निकले। एसडीएम सौरभ दुबे ने गिगियानी तिराहे पर पूर्व विधायक समेत अन्य कार्यकर्ताओं को रोक लिया और ज्ञापन लिया। वहीं सपा नेता सरताज खान, आदर्श दीपक मिश्र, आलोक श्रीवास्तव, अहमद खान आदि कार्यकर्ता बस स्टैंड पर पहुंचे। एसडीएम ने कार्यकर्ताओं को रोककर ज्ञापन लिया। वहीं मुजीब खान अपने आवास से कार्यकर्ताओं के साथ निकले। पुलिस ने सरदारगंज चौकी के पास उन्हें रोककर ज्ञापन लिया। सवायजपुर में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव पम्मू कार्यकर्ताओं के साथ तहसील जाने के लिए अपने आवास से निकले। तहसील रोड पर मौजूद पुलिस प्रशासन से सपाइयों की नोकझोंक हुई। एसडीएम दीपक वर्मा ने तहसील परिसर से दूर सपाइयों को रोककर उनका ज्ञापन लिया। जिला उपाध्यक्ष रहमत अली मोनू, उत्तम यादव, सवायजपुर प्रधान विजय वाजपेयी, चंदन शुक्ला, पुनीत मौजूद रहे। दि ग्रेट लायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अध्यक्ष उदयराज सिंह बताया कि जब वह तहसील में आया तो उन्हें पुलिस ने रोक लिया। काफी देर कहासुनी के बाद अंदर आने दिया गया।

chat bot
आपका साथी