अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाइयों ने किया प्रदर्शन

- राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा - सपाइयों ने प्रदर्शन कर फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 10:24 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 10:24 PM (IST)
अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाइयों ने किया प्रदर्शन
अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाइयों ने किया प्रदर्शन

हरदोई: लखीमपुर कांड को लेकर रविवार को जिले में भी सरगर्मियां तेज रहीं। सपाइयों ने जोरदार ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ितों से मिलने जा रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी और किसानों की हत्या के विरोध में कार्यकर्ता सोमवार सुबह नुमाइश चौराहा पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने आरोप लगाया कि लखीमपुर में भाजपा के गुंडों द्वारा वाहन से कुचल कर किसानों की हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव को गिरफ्तार किया गया। सपा की मांग है कि मृतक किसानों के परिजनों को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से इस्तीफा लिया जाए। प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए। पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी, सरताज खां, जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे। मुलायम यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष नीरज अवस्थी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में और संडीला में आरपी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। संडीला में सपा कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर में हुई घटना और सपा मुखिया की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी को सौंपा। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद प्रेमी, भरतीय कृषक दल के जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार पांडेय व बसपा नेता सुनील कुमार पांडेय ने लखीमपुर की घटना की निदा करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए लखीमपुर की घटना के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

शाहाबाद में पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने अपने आवास पर पत्रकारों से कहा कि लखीमपुर खीरी में कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों की वाहन से रौंदकर हत्या करने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सीतापुर गए कांग्रेसी

-कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सीतापुर में हुई गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसी सीतापुर गए। जिलाध्यक्ष आशीष सिंह के साथ ही अनुपम दीक्षित समेत काफी संख्या में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

chat bot
आपका साथी