भाजपा सरकार में महंगाई से जनता त्रस्त

कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आमजन को अवगत कराया

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 10:52 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 10:52 PM (IST)
भाजपा सरकार में महंगाई से जनता त्रस्त
भाजपा सरकार में महंगाई से जनता त्रस्त

हरदोई : जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को दूसरे दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिज्ञा पदयात्रा निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आमजन को अवगत कराया।

हरदोई सदर की न्याय पंचायत सकतपुर में पदयात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आशीष सिंह ने किया। मझरेता में नुक्कड़ सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई से जनता त्रस्त हो चुकी है। कांग्रेस की प्रतिज्ञा है कि सरकार बनते ही किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। हर परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पदयात्रा का आयोजन ब्लाक अध्यक्ष कमल सिंह ने किया। शहर के बहरा सौदागर वार्ड में शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी ने जनसंपर्क कर कहा कि कांग्रेस ही भरोसेमंद पार्टी है। बालामऊ विधानसभा की पदयात्रा का जिला महासचिव शशिबाला वर्मा, सांडी विधानसभा की पदयात्रा का जिला उपाध्यक्ष नेतम भारतीय, गोपामऊ विधानसभा की पदयात्रा का जिला महासचिव शिवपाल वर्मा ने नेतृत्व किया। संडीला विधानसभा की पदयात्रा जिला महासचिव ओमप्रकाश अर्कवंशी, सवायजपुर विधानसभा की पदयात्रा जिला उपाध्यक्ष अनुपम दीक्षित के नेतृत्व में निकाली गई। शाहाबाद विधानसभा की पदयात्रा का नेतृत्व शशिकांत वर्मा व बिलग्राम विधानसभा की पदयात्रा का नेतृत्व अधिवक्ता लालाराम शुक्ला ने किया। साधू सिंह सोमवंशी, रवींद्र मिश्रा, श्रीप्रकाश मिश्रा, कमल सिंह, मदनपाल मौजूद रहे।

किसानों ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की

-हरदोई : भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के बैनर तले किसानों ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इसमें तीनों कृषि कानूनों को वापस करने की मांग की गई।

यूनियन के जिलाध्यक्ष लल्ला भाई के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट और विकास भवन में नारेबाजी भी की। प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में कहा कि किसान विरोधी बिल वापस लिए जाएं, एमएसपी की लिखित गारंटी दी जाए, किसानों का कर्जा माफ किया जाए, किसान का बिजली बिल माफ किया जाए, ग्रामीणों को आवास व शौचालय दिए जाए, डीजल- पेट्रोल की कीमतों को कम किया जाए, खाद-बीज की बढ़ी कीमतों पर रोक लगाई जाए और बेसहारा पशुओं पर अंकुश लगाया जाए। श्याम सिंह कुशवाहा, जगरूप कुशवाहा, रामदेव, ज्ञानेंद्र सिंह, रविद सिंह आदि किसान मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी