किसानों ने प्रदर्शन कर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का मांगा इस्तीफा

- पुलिस प्रशासन आंदोलन को लेकर रहा सतर्क - किसानों की रेल रोकने व रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन की कोशिश हुई नाकाम

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:18 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:18 PM (IST)
किसानों ने प्रदर्शन कर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का मांगा इस्तीफा
किसानों ने प्रदर्शन कर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का मांगा इस्तीफा

हरदोई : किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रेल रोकने की घोषणा को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क रहा। हरदोई शहर में गिप्सनगंज क्रासिग पर पुल के नीचे किसान जमा हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें ट्रैक की तरफ जाने नहीं दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद दोपहर बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव ने कहा कि लखीमपुर कांड में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के पुत्र और उनके साथियों की गिरफ्तारी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के मुख्य साजिशकर्ता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र ही है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के सत्ता में रहते निष्पक्ष जांच होना मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को किसान विरोधी तीनों काले कानूनों को वापस लेना चाहिए। समस्त फसलों की एमएसपी (मूल्य समर्थन योजना) तय की जानी चाहिए। निश्चित मूल्य से कम पर उपज की खरीद करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करते हुए किसान आयोग का गठन किया जाना चाहिए। भाकियू अम्बावता के जिलाध्यक्ष अशोक राठौर, बलकार सिंह, सुखराज सिंह, विक्रम लाल, विनोद कुमार मौजूद रहे। शाहाबाद, बालामऊ रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन का असर नहीं दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन परिसर व प्लेटफार्म में सन्नाटा पसरा रहा। यहां पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। छावनी में तब्दील हो गया रेलवे स्टेशन : संयुक्त मोर्चा के रेल रोको आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। रेलवे स्टेशन पर बैरिकेडिग की गई। पुलिसकर्मियों ने आने जाने वाले लोगों पर नजर बनाए रखी। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी के अलावा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन पर पुलिसकर्मी गश्त करते दिखाई दिए।

किसानों को पुलिस ने रोका, दिया ज्ञापन

संडीला : लखीमपुर घटना को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में किसान तहसील कार्यालय के पीछे स्थित यूनियन के कार्यालय पर पहुंचे। किसान सरकार के खिलाफ नारेबाजी, लखीमपुर घटना के आरोपी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने व गिरफ्तारी की मांग को लेकर रेल का चक्का जाम करने को लेकर बस स्टैंड तक पहुंच सके। रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसान नेताओं को रोक लिया। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी महावीर सिंह ने किसानों को समझाया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा और आंदोलन समाप्त किया। राजेश सिंह, अतुल कुमार आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी