बुखार और सांस लेने में दिक्कत से चार मरीजों की मौत

जिला अस्पताल में बुखार के साथ सांस के मरीजों की बढ़ी संख्या

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 10:14 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 10:14 PM (IST)
बुखार और सांस लेने में दिक्कत से चार मरीजों की मौत
बुखार और सांस लेने में दिक्कत से चार मरीजों की मौत

हरदोई : बुखार के साथ ही जिला अस्पताल में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बीते दो दिनों (शुक्रवार व शनिवार) में बुखार और सांस लेने में दिक्कत के चलते चार मरीजों की मौत हो गई।

सांडी क्षेत्र के ग्राम पिडारी के परशुराम को बुखार आ रहा था। स्वजन ने उन्हें शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं बेहटागोकुल क्षेत्र के ग्राम मगनपुर के मोती को बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। स्वजन उन्हें लेकर शनिवार को अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। इलाज के दौरान उनकी दोपहर में मौत हो गई। इनके अलावा बेहटागोकुल के टोडरपुर की उर्मिला देवी को भी सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया और उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार को दुलारपुर के राम विलास को सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया और उनकी शाम को मौत हो गई।

बुखार के साथ आने लगते झटके : शाहाबाद के हसनपुर की प्रीती को तेज बुखार आया और इसके बाद झटके आने लगे। स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए।

रोजाना पांच से छह मरीज होते भर्ती : शाहाबाद के पटकाना के दिलीप, हसनपुर की प्रीती, पिहानी के सरसवा की रामकली, जडौरा की निशा देवी, हरियावां के उतरा की चांदनी को भर्ती कराया गया।

139 की हुई जांच, आठ मिले मलेरिया के मरीज

-हरदोई : रविवार को जिले में 139 बुखार के मरीजों की जांच की गई, जिसमें आठ लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है।

मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत की टीम को लगाया गया है। टीम गांव-गांव जाकर जलभराव के स्थानों पर दवाओं का छिड़काव कर रही है। वहीं नगर पालिका और नगर पंचायत की टीम साफ-सफाई कर रही हैं। इसके साथ ही सेनिटाइजेशन किया जा रहा है। रविवार को 40 घरों में सोर्स रिडक्शन का कार्य कराया गया है। वहीं दो घरों में लार्वा पाए जाने पर उन्हें नोटिस दिया गया है।

chat bot
आपका साथी