बुखार से बच्चे की मौत, आठ मरीज भर्ती

-एनाफिलीज के बाद अब एडिस मच्छरों ने डंक मारना किया शुरू

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 09:53 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 09:53 PM (IST)
बुखार से बच्चे की मौत, आठ मरीज भर्ती
बुखार से बच्चे की मौत, आठ मरीज भर्ती

हरदोई : बुखार तेजी से पैर पसार रहा है। इसमें लापरवाही भारी पड़ रही है। रविवार को बुखार से जिला अस्पताल में एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं आठ गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। शहर में लगातार बढ़ रही मच्छरों की फौज से लोग परेशान हैं। मलेरिया से ग्रसित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।

हरियावां के ग्राम कपूरपुर के निजामुद्दीन के तीन वर्षीय पुत्र सुभान को बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे लेकर रविवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान एक घंटे के बाद उसकी मौत हो गई। डाक्टर के अनुसार सुभान को बुखार तो था ही उसके साथ ही खून की कमी भी थी। सही इलाज न होने के कारण उसने दम तोड़ दिया। इनके अलावा अस्पताल में नस्यौली डामर के कालीचरण ने अपनी पांच वर्षीय पुत्री अनामिका, कटियामऊ के रामविलास ने 11 वर्षीय पुत्र भारतीय, रद्धेपुरवा के रामू ने 13 वर्षीय पुत्री कोमल, वाजिदनगर की राधा, गौरा की नन्ही, पारा के दिलीप, नगला लोथू के रामसेवक समेत आठ मरीजों को बुखार से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया है।

गंदगी से बढ़ रहीं बीमारियां : शहर के सुभाष नगर, कृष्ण नगरिया, राधानगर, कन्हईपुरवा, चौहान थोक, इदरीसगंज, नवीपुरवा, आशानगर चीलपुरवा, कोयलबाग कालोनी सहित कई मुहल्लों में जलभराव और नालों में गंदगी फैली रहती है और उनसे मच्छर पनपते हैं। इसी कारण लोगों में बीमारियां फैल रही हैं। इन मुहल्लों के लोगों ने सफाई की मांग उठाई है।

मच्छरों के आतंक से लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका द्वारा फागिग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। नालों तथा नालियों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी किया गया। मच्छरों की शिकायतें लगातार मिलने पर नगर पालिका ने रोस्टर बनाकर फागिग अभियान शुरू कराया। नगर पालिका का कहना है कि शहर में फागिग का एक चरण पूरा हो गया है और दूसरा चरण शुरू होने वाला है।

बोले जिम्मेदार : नगर पालिका लगातार फागिग करा रही है। इसके साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।

रविशंकर शुक्ला, ईओ

chat bot
आपका साथी