भूमि विवाद में दो पक्षों में फायरिग, महिला सहित दो घायल

-24 बीघा भूमि को लेकर 35 वर्षों से चल रहा है विवाद

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:09 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:09 PM (IST)
भूमि विवाद में दो पक्षों में फायरिग, महिला सहित दो घायल
भूमि विवाद में दो पक्षों में फायरिग, महिला सहित दो घायल

पचदेवरा (हरदोई) : थाना क्षेत्र के वीरमपुर के मजरा मंझा में 24 बीघा भूमि को लेकर दो पक्षों में ईंट-पत्थर चले और फायरिग हुई, जिसमें एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया है। वहीं जिला अस्पताल में एएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

24 बीघा भूमि को लेकर विवाद है, भूमि पर गांव निवासी वीरपाल और पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गनुआपुर निवासी वेदानंद अपना-अपना हक जता रहे हैं। रविवार सुबह वेदानंद के पुत्र चंदन व भतीजा दो ट्रैक्टर लेकर मंझा गांव में भूमि की जोताई करने गए थे, जहां पर वीरपाल, पुत्र खुशीराम और भाई आदि भी मौके पर पहुंच गए। वीरपाल ने जोताई करने से मना किया और दोनों पक्षों से कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। बताया जाता है कि दोनों पक्षों से कई राउंड फायरिग भी हुई, जिसमें वीरपाल की पत्नी वीरा गोली लगने से घायल हो गई। दूसरे पक्ष से वेदानंद भी घायल हो गए। घायलों को शाहाबाद सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल रेफर कर दिया। एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्ष भूमि पर जता रहे हक : वीरपाल ने बताया कि गांव में पड़ी 24 बीघा भूमि उनकी पैतृक है, जिस पर वेदानंद कब्जा करना चाहते हैं, जिसका पहले शाहाबाद और अब न्यायालय अपर आयुक्त लखनऊ के यहां मामला विचाराधीन है। वहीं वेदानंद का कहना है कि वह उनकी पैतृक भूमि है और शाहाबाद व जिलाधिकारी के यहां मामला चला, दोनों ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। 17 फरवरी को पुलिस टीम ने की थी जांच : 17 फरवरी को थाना प्रभारी विवेक कुमार मौर्या ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी और दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए थे।

chat bot
आपका साथी