चुनावी रंजिश में मारपीट, फायरिग

प्रधान के दो देवर समेत चार घायल -प्रधान पक्ष ने कोटेदार समेत चार पर लगाया आरोप -पुलिस बोली तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 10:18 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 10:18 PM (IST)
चुनावी रंजिश में मारपीट, फायरिग
चुनावी रंजिश में मारपीट, फायरिग

हरदोई: प्रधानी के चुनाव की चली आ रही रंजिश में प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच शुक्रवार की रात विवाद हो गया। मारपीट और फायरिग में प्रधान के दो देवर घायल हो गए। वहीं पूर्व प्रधान पक्ष के दो लोगों को भी चोटें आईं। प्रधान पक्ष ने कोटेदार समेत चार पर आरोप लगाया है।

लोनार क्षेत्र के इटौरिया निवासी राधा सिंह प्रधान हैं। पूर्व प्रधान नरेश पाल सिंह के परिवार में मुनेंद्र सिंह की पत्नी कुसुमा सिंह ने भी चुनाव लड़ा था। राधा सिंह प्रधान तो बन गईं और उसी के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। प्रधान राधा सिंह की पति रंजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके भाई संजीत सिंह व रामचंद्र के बाहर बैठे थे। उसी समय कोटेदार गुड्डू सिंह, मुनेंद्र सिंह, विजय सिंह आदि दूसरे गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होकर नशे में निकले और गाली गलौज करने लगे। संजीत ने मना किया तो वह लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इसी बीच अन्य लोग भी आ गए और फायरिग शुरू कर दी, जिसमें संजीत सिंह के मुंह पर गोली लगी। रामचंद्र भी घायल हो गए। वहीं दूसरी तरफ पूर्व प्रधान पक्ष के राजेंद्र सिंह व कल्लू सिंह के भी चोट आईं। दो पक्षों में बवाल की खबर पर गांव वाले जमा हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि पड़ोसी गांव सरइया में कार्यक्रम था, वहीं पर नशे में विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और फायरिग हुई। दोनों पक्ष के लोगों को चोटें आई हैं। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।

chat bot
आपका साथी