कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ गईं ईद की तैयारियां

- लॉकडाउन के चलते बंद है दुकानें

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 11:05 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 11:05 PM (IST)
कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ गईं ईद की तैयारियां
कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ गईं ईद की तैयारियां

हरदोई : ईद की खुशियां इस बार भी कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ गई हैं। चारों तरफ संक्रमण फैल रहा है, लोग परेशान हैं। वहीं संक्रमण को रोकने के लिए आंशिक क‌र्फ्यू है, जिससे दुकाने भी बंद हैं। जिसके चलते घरों से लेकर बाजारों तक खुशियां नजर नहीं आ रही हैं।

कोविड-19 के चलते इस बार भी ईद पर रौनक नहीं दिख रही है। मुस्लिम समाज के लोग दुकानें बंद होने के चलते नए कपड़े भी नहीं बनवा पा रहे हैं। रमजान के बाद ईद आती है। ईद खुशियों का त्योहार है। इस त्योहार पर नए कपड़े पहनने का रिवाज है। रोजेदार एक महीने रोजे रखकर जब ईद मनाते हैं तो उनके चेहरे पर अलग ही रौनक होती है। पिछली बार की तरह इस बार कोविड महामारी के चलते समाज के लोग परेशान है। लॉकडाउन के चलते ज्यादातर दुकानें बंद है। लोग घरों में रह रहे हैं। रोजे तो जैसे-तैसे निपट रहे है। ईद की खुशी धीरे-धीरे कम होती जा रही है। कटरा निवासी इसरार हुसैन ने बताया कि फैक्ट्री में काम नहीं था। पैसा भी मालिक ने नही दिया। घर चला आया। अब ईद आ गयी है। बच्चे नए कपड़ों के लिए जिद कर रहे हैं। दुकानें बंद है। देवमनपुर निवासी टेलर इकरार ने बताया कि पिछले वर्ष कोविड-19 के चलते ईद पर जो खुशी मिलती है, वह मिलती नहीं दिख रही है। इस बार भी ईद घरों में मनाई जाएगी। हाजी जब्बार ने बताया कि ईद भाई चारे व खुशियों का त्योहार है। लॉकडाउन के चलते सेवइयां व अन्य सामान मिलना मुश्किल है, लोग घरों में ही ईद मनाएंगे। कारी महफूज मियां ने बताया कि कोविड के चलते लोग परेशान है, काम धंधा बंद है। बच्चों के लिए ईद तो मनानी ही है। घर पर सेवइयां ही बनेगी।

chat bot
आपका साथी