बीडीओ प्रतिदिन करेंगे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

-19 विकास खंडों के लिए बनाए गए हैं स्ट्रांग रूम -मतदाताओं के निर्णय को मतपेटियों में सुरक्षित किया गया है भंडारित

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 11:23 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 11:23 PM (IST)
बीडीओ प्रतिदिन करेंगे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
बीडीओ प्रतिदिन करेंगे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

हरदोई : पंचायत के पदों और स्थानों पर किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य के फैसला को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का बीडीओ प्रतिदिन सुबह दस और शाम को सात बजे निरीक्षण करेंगे। इसे निर्वाचन लाग बुक पर अनिवार्य रूप से दर्ज करेंगे। तैनात सुरक्षा कर्मियों से जानकारी भी लेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पर्याप्त फोर्स के साथ ही सीसी कैमरा लगवाए हैं। उन्होंने साथ ही इसके लिए सभी 19 खंड विकास अधिकारियों को आदेशित किया है कि वह प्रत्येक दिन सुबह दस और शाम सात बजे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करेंगे। दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना तक अपर जिलाधिकारी और संबंधित उप जिलाधिकारियों को सप्ताह में दो-दो बार निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण को भी लाग बुक पर अंकित किया जाएगा।

बताया कि स्ट्रांग रूम पर वह स्वयं समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। स्ट्रांग रूम परिसर में किसी अन्य को प्रवेश की छूट नहीं दी गई है और इसके पालन की जिम्मेदारी सुरक्षा में तैनात फोर्स को सौंपी गई है। प्रत्याशी और एजेंटों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है।

सीएसएन पीजी कॉलेज को बनाया गया क्वारंटाइन : हरदोई : कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। शनिवार को शहर के रेलवे स्टेशन, रेलवेगंज के अलावा सीएसएन पीजी कॉलेज को सैनिटाइज किया गया। साथ ही सीएसएन पीजी कॉलेज को क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया। यहां पर गैर प्रदेशों से आने वाले प्रवासियों को रोकने और उनके खाने की व्यवस्था की गई।

नगर पालिका परिषद हरदोई के अधिशासी अधिकारी रविशंकर शुक्ला ने बताया कि सैनिटाइजेशन के साथ ही सीएसएन पीजी कॉलेज को क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। यहां पर प्रवासियों को रोकने व उनके खाने की व्यवस्था की गई है। बताया कि लॉकडाउन की संभावना को देखते हुए कई प्रदेशों को छोड़कर प्रवासी अपने-अपने घरों को लौटने लगे हैं। संक्रमण की रफ्तार न बढ़े। इसके लिए पहले की तरह प्रवासियों की जांच कराई जाएगी। संदिग्ध होने पर उन्हें क्वारंटाइन सेंटर पर रोका जाएगा। निर्धारित अवधि पूरी करने के बाद प्रवासी अपने गांव लौट सकेंगे।

सैनिटाइजेशन को लेकर चलेगा विशेष अभियान : नगर पालिका प्रशासन हरदोई के अलावा फायरब्रिगेड व चीनी मिल प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख बाजारों में संयुक्त रूप से सैनिटाइजेशन कार्य कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी