नौ दिन बीते, नहीं हुआ धान खरीद का श्रीगणेश

उपज तैयार होने में देरी और मानकों के अनुसार धान की कमी भी कारण माना जा रहा

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Oct 2021 11:09 PM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 11:09 PM (IST)
नौ दिन बीते, नहीं हुआ धान खरीद का श्रीगणेश
नौ दिन बीते, नहीं हुआ धान खरीद का श्रीगणेश

हरदोई : जिले में सरकारी क्रय केंद्र खुले हुए नौ दिन बीत गए हैं, लेकिन क्रय केंद्र पर धान खरीद का श्रीगणेश तक नहीं हो पाया है, इसके पीछे उपज तैयार होने में देरी और मानकों के अनुसार धान की कमी भी कारण माना जा रहा है।

एक अक्टूबर से धान खरीद की शुरुआत की गई है। शासन ने जनपद का दो लाख 35 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला प्रशासन ने धान खरीद का लक्ष्य पूरा करने को लेकर 54 क्रय केंद्र खोले हैं। प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा किया जा रहा है, इसके बावजूद क्रय केंद्रों पर सन्नाटा है। केंद्र पर किसान नहीं पहुंच रहे हैं। प्रभारियों का कहना है कि धान में नमी का मानक 17 प्रतिशत है, लेकिन अभी भी धान में 20 प्रतिशत नमी आ रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि किसान केंद्र पर धान लाने से पहले उसे सुखा लें, फिर केंद्र पर लाएं। मानक के अनुरूप होने पर किसानों का धान क्रय किया जाएगा। 276 किसानों के अभिलेखों का आनलाइन सत्यापन : जिले भर के 1,871 किसानों ने सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए आनलाइन पंजीकरण कराया है। इसका सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाना है और टोकन जारी किए जाने हैं, लेकिन राजस्व विभाग की ओर से अभिलेखों का आनलाइन सत्यापन करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है। अब तक सिर्फ 276 किसानों के अभिलेखों का आनलाइन सत्यापन किया गया है। फिलहाल धान खरीद में केंद्रों की स्थिति को लेकर प्रशासन के माथे पर बल है।

chat bot
आपका साथी