कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तों ने गंगा में लगाई डुबकी

गंगा आरती देख भक्तगण हुए मंत्रमुग्धभीड़ को नियंत्रित करने को पुलिस बल को करनी पड़ी मशक्कत

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Nov 2021 12:55 AM (IST) Updated:Sat, 20 Nov 2021 12:55 AM (IST)
कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तों ने गंगा में लगाई डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तों ने गंगा में लगाई डुबकी

हरदोई : बेरियाघाट व मेहंदीघाट पर कार्तिक पूर्णिमा में लाखों भक्तों ने अपने परिजनों के साथ गंगा में डुबकी लगाकर स्नान कर पुण्य कमाया। अलसुबह स्नान का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम तक चलता रहा। राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त करने से मेला व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

कार्तिक पूर्णिमा के चलते श्रद्धालु शाम से ही ट्रैक्टरों, बसों, बाइकों व अन्य साधनों से गंगा जी के तट पर पहुंचने लगे थे। भीड़ अधिक होने के चलते कुतबापुर में गंगा जी जाने वाले मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। यही हालत मल्लावां चौराहे पर भी रही। विधायक आशीष सिंह आशू व सपा नेता ब्रजेश कुमार वर्मा ने गंगा जी की महाआरती की, सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। सुरजीत अलबेला के जागरण कार्यक्रम में श्रद्धालु रातभर भक्ति गीतों पर झूमते रहे। सीओ विशाल यादव, कोतवाल सुनील कुमार सिंह, महिला आरक्षी समेत पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे। बिलग्राम में शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा पर राजघाट पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालु विभिन्न वाहनों से गंगा स्नान करने पहुंचे। हिदू पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लेकर पृथ्वी की जल प्रलय से रक्षा की थी।

घाटों पर तैनात रहे गोताखोर : घाटों पर गोताखोर भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ उप जिलाधिकारी भी मेले का निरीक्षण करते रहे।

पांच दिन पछभीका स्नान को पहुंचे शनिवार को लौटेंगे घर : बेरियाघाट पर पछभीका स्नान को पहुंचे श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के बाद अगले दिन शनिवार को घर वापसी करेंगे। श्रद्धालु गंगा जी के तट पर पांच दिन रुकते है और वहां पर रुककर गंगा जी की पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालु अपने आराध्य की भी पूजा करते है।

सपना चौधरी के कार्यक्रम में लोगों का हंगामा

मल्लावां : नवज्योति समिति द्वारा बेरियाघाट पर सपना चौधरी के कार्यक्रम में बड़ी भीड़ रही। कुछ लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठियां भांजकर तितर-बितर किया। पुलिस सपना चौधरी को रात में ही कन्नौज छोड़ आई थी। गंगा स्नान करते समय किशोर डूबा

बिलग्राम : सढि़यापुर घाट पर गंगा स्नान करते समय किशोर की डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।

रामपुर मझियारा के कुलदीप शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के लिए घर से निकला था। ग्राम सढि़यापुर घाट पर गंगा स्नान करते समय कुलदीप गहरे पानी में चला गया। किशोर को डूबता देखकर लोगों ने शोर मचाया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किशोर डूब गया। पुलिस टीम ने इसकी जानकारी कोतवाल राजवीर सिंह व एसडीएम और परिवार के लोगों को दी। एसडीएम राहुल कश्यप विश्वकर्मा ने बताया कि कुलदीप की गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है।

chat bot
आपका साथी