शहर में भी डेंगू ने दी दस्तक, एक मरीज मिला

जलभराव नगर पालिका की लापरवाही उजागर डेंगू ग्रसित मरीजों की संख्या 10 तक पहुंची

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 10:31 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 10:31 PM (IST)
शहर में भी डेंगू ने दी दस्तक, एक मरीज मिला
शहर में भी डेंगू ने दी दस्तक, एक मरीज मिला

हरदोई : नगरपालिका की घोर लापरवाही के कारण शहर में जगह-जगह जिस तरह से गंदगी फैली है और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, उसमें मलेरिया और डेंगू के फैलने की पूरी आशंका बनी हुई है। जिलाधिकारी भी हालात से आंख मूंदे हुए हैं। शहर में भी डेंगू का एक मरीज मिला है। इस तरह जिले में अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या 10 तक पहुंच गई है।

लगातार डेंगू के मरीजों में हो रही बढ़ोत्तरी ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। विभाग ने डेंगू मरीजों के घरों में इंडोर और आउट डोर स्प्रे कराया। साथ ही घरवालों को जागरूक किया, जिससे डेंगू के मच्छरों से बचा जा सके। इसके अलावा एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया जा रहा है।

बहन मलेरिया तो भाई डेंगू पीड़ित : बावन ब्लाक के सहेडी गांव निवासी आदित्य कक्षा तीन का छात्र है। पिता प्रदीप सिंह ने बताया कि पुत्र आदित्य और पुत्री काव्या को कई दिनों से बुखार आ रहा था। इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर जांच में काव्या को मलेरिया और आदित्य को डेंगू की पुष्टि हुई। दोनों का अस्पताल में इलाज चला और अब दोनों स्वस्थ हैं।

अस्पताल के डेंगू वार्ड में आयुर्वेदिक डाक्टर की ड्यूटी : जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए दस बेड का वार्ड बनाया गया है, जहां पर आयुष विग के डा. मुनीष सिंह की ड्यूटी लगाई गई है। सवाल उठता है कि डेंगू के मरीजों का आयुर्वेद के डाक्टर कैसे इलाज करेंगे।

घर-घर टीम कर रही जांच : सीएमओ डा. सूर्यमणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी सीएचसी पर टीम बनाई गई है, जिसमें पांच लोग शामिल हैं। यह टीम गांव-गांव जाएगी और सर्वे करेगी। बुखार के मरीजों को दवाएं और जांच करेगी। अगर गांव में कहीं पानी भरा है तो प्रधान से कहकर उसमें एंटी लार्वा का छिड़काव कराएगी। डेंगू मरीजों की जांच भी किट से की जाएगी।

chat bot
आपका साथी