आफत की बारिश, 20 फीसद धान की फसल खराब

- गन्ने की तैयार फसल को दो प्रतिशत नुकसान के आसार - कृषि वैज्ञानिक बोले जलभराव की स्थिति में खेतों से निकलवाएं पानी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:20 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:20 PM (IST)
आफत की बारिश, 20 फीसद धान की फसल खराब
आफत की बारिश, 20 फीसद धान की फसल खराब

हरदोई : बेमौसम बरसात किसानों के लिए परेशानी लेकर आई है। धान की फसल को जहां 20 प्रतिशत से अधिक नुकसान के आसार हैं, वहीं गन्ने की तैयार फसल पलटने से नुकसान हुआ है। पालक, सोया, करेला, टमाटर आदि सब्जियों की फसलों को भी नुकसान हुआ है।

जिले में डेढ़ लाख हेक्टेयर भूमि पर धान और 70 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि पर गन्ने की फसल तैयार खड़ी है। अधिकतर किसान धान की फसल काटने की तैयारी कर रहे थे। दो दिनों से हो रही बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतर किसानों की फसल खेत में ही पलट गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सीपीएन गौतम ने बताया कि यह बारिश फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली है, जिनके खेतों में धान की फसल पलट गई है। उन्हें अधिक नुकसान हुआ है। धान काला पड़ने के साथ कमजोर हो सकता है। गन्ने की फसल के पलटने की जानकारी मिल रही है, इससे गन्ने का उत्पादन प्रभावित होगा। गन्ने में दो प्रतिशत नुकसान की संभावना है। शाकभाजी की फसलों को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सरसों, आलू की बोआई कर चुके किसान जलभराव की स्थिति में जल्द से जल्द खेत से पानी निकलवा दें। सरसों बीज खराब होने व आलू बीज सड़ने का खतरा है। खेतों को तैयार कर रहे किसानों को फसल की बोआई के लिए इंतजार करना पड़ेगा। 9.4 मिलीमीटर हुई बारिश : बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है। सुबह शुरू हुई बारिश रुक-रुककर होती रही। मौसम वेधशाला के प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार सुबह 9.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। दिन भर बादल छाए रहे।

chat bot
आपका साथी