आंधी से आम की 40 फीसद फसल को नुकसान

-बुधवार रात आइ आंधी से बागवानों को लगा झटका -सस्तीदर पर बेचने को हो रहे विवश

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 10:45 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 10:45 PM (IST)
आंधी से आम की 40 फीसद फसल को नुकसान
आंधी से आम की 40 फीसद फसल को नुकसान

संडीला : आंधी से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। बुधवार शाम आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तहसील क्षेत्र में बड़े क्षेत्रफल में आम के बाग हैं। आम उत्पादकों को इस बार आम की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद थी, लेकिन पहले कीट और अब मौसम की मार ने बाग मालिकानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। बाग मालिकों का कहना है कि करीब 40 फीसद नुकसान हो गया है।

आम बागवान मुन्ना के अनुसार इस बार आम के पेड़ों पर बौर खूब आया था। तमाम प्रकार के रोगों ने फसल को नुकसान पहुंचाया। रोगों से छुटकारा पाने का प्रयास कर ही रहे थे कि बुधवार शाम आइ आंधी ने फसल तबाह कर दी। वक्त से पहले ही आम टूट गए। टूटे हुए आम को बाजार में औने-पौने दाम पर बेचना पड़ रहा है। आम बागवान ओम प्रकाश ने बताया कि आंधी से पेड़ की डालें ही टूट कर गिर गईं। बागों में पेड़ों के नीचे आम बिछ गए। आंधी से तबाह हुई फसल की भरपाई नहीं हो पाएगी। इस बार लागत निकलाना मुश्किल लग रहा है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार आम लोगों की पहुंच से दूर रहेगा। एक जून से दशहरी आम की तुड़ाई शुरू हो जाती है। सबसे अधिक दशहरी आम को नुकसान हुआ है बागवान शुऐब ने बताया कि आम के बागान में काफी नुकसान हुआ है। आगे ऐसा हुआ तो आम देखने को भी नही मिलेंगे। आंधी ने क्षेत्र में बड़ा नुकसान पहुंचाया। झोंका में पेड़ की डालियां टूटकर गिर गई। आम की पैदावार कम रहने और इसके दाम अधिक रहने की आशंका भी जाहिर की। इनसेट--

आंधी में पेड़ गिरने से वृद्धा सहित दो की मौत बघौली और कछौना क्षेत्र में हुई घटनाएं संवादसूत्र, बघौली-कछौना : बुधवार की रात आई आंधी में पेड़ गिरने से एक वृद्धा सहित दो लोगों की मौत हो गई। स्वजन ने शव को पेड़ हटाकर बाहर निकाला।

कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोन्हारा के मजरा सुजानपुर में मुसाफिर अली की दस वर्षीय पुत्री रिजा बानो बुधवार की रात आंधी आने पर बकरियों को बांधने के लिए जा रही थी। उसी समय पेड़ की डाल टूटकर उसके ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्वजन को दी। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुरवा निवासी रामबेटी बुधवार की रात छप्पर के नीचे सो रही थीं। आंधी में छप्पर के निकट खड़ा बरगद का पेड़ ढह गया और वह उसके नीचे दब गई। घटना के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उन्हें पेड़ के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया।

chat bot
आपका साथी