UP Panchayat Chunav 2021: हापुड़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी, 2 मई को आएंगे नतीजे

UP Panchayat Chunav 2021 हापुड़ में भी सुबह बूथों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। सिंभावली हापुड़ गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना ब्लाक के बूथों पर बड़ी संख्या में महिलाएं सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचीं। यहां पर वोटरों में सुबह से खासा उत्‍साह देखने का मिल रहा है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Thu, 29 Apr 2021 10:53 AM (IST) Updated:Thu, 29 Apr 2021 10:53 AM (IST)
UP Panchayat Chunav 2021: हापुड़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी, 2 मई को आएंगे नतीजे
हापुड़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी, 2 मई को आएंगे नतीजे

हापुड़ [गौरव शर्मा]। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रदेश के आखिरी चरण यानी चौथे चरण का मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू जारी है। इसी क्रम में हापुड़ में भी सुबह बूथों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। सिंभावली, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना ब्लाक के बूथों पर बड़ी संख्या में महिलाएं सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचीं। यहां पर वोटरों में सुबह से खासा उत्‍साह देखने का मिल रहा है। जनपद में सुबह नौ बजे तक 11.4 प्रतिशत मतदान हुआ।

जनपद में 3633 ग्राम पंचायत सदस्य, 273 ग्राम प्रधान, 471 क्षेत्र पंचायत और 19 जिला पंचायत की सीटों के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। इन सीटों के लिए 7639 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों में चुनने की जिम्मेदारी सात लाख 47 हजार 567 मतदाताओं की है। सुबह सवेरे से ही मतदाताओं की कतार बूथों पर दिखाई दी। विशेष महिलाएं घर का काम छोड़कर पहले वोट डालने पहुंचीं। महिलाओं का कहना था कि वह घर का काम बाद में करेंगी, सुबह सबसे पहले मतदान करने आई हैं।

मतदान केंद्राें पर सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए जिलाधिकारी अनुज सिंह, पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, मुख्य विकास अधिकारी उदय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव और सभी एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारी एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्रों पर दौड़ते नजर आए। कुछ बूथों पर शारीरिक दूरी का उल्लंघन दिखाई दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें दूर-दूर खड़ा रहने के लिए कहते नजर आए। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि जनपद में सुबह नौ बजे तक 11.4 फीसदी मतदान हुआ है। कहीं भी कोई विवाद की कोई सूचना नहीं मिली है। बता दें कि इसकी मतगणना आगामी रविवार यानी 2 मई को होगी।

chat bot
आपका साथी