Hapur Traffic Jam: गढ़मुक्तेश्वर में अल्लाबख्शपुर टोल पर लगा लंबा जाम, थमी वाहनों की रफ्तार

जाम से बचने के लिए कुछ वाहन चालक गांव अल्लाबख्शपुर रोड स्याना रोड से होते हुए पलवाड़ा मार्ग से मुरादाबाद के लिए रवाना हुए।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 11:02 AM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 11:06 AM (IST)
Hapur Traffic Jam: गढ़मुक्तेश्वर में अल्लाबख्शपुर टोल पर लगा लंबा जाम, थमी वाहनों की रफ्तार
Hapur Traffic Jam: गढ़मुक्तेश्वर में अल्लाबख्शपुर टोल पर लगा लंबा जाम, थमी वाहनों की रफ्तार

गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़), प्रिंस शर्मा। राष्ट्रीय राजमार्ग-9(पूर्व में 24)पर ग्राम अल्लाबख्शपुर के पास टोल प्लाजा पर रविवार सुबह वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण भीषण जाम लग गया। जाम में फंसकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में लगे रहे। रविवार को कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव अल्लाबख्शपुर में हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर रविवार सुबह भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोगों का गर्मी में बुरा हाल हो रहा था।

जाम से बचने के लिए कुछ वाहन चालक गांव अल्लाबख्शपुर रोड, स्याना रोड से होते हुए पलवाड़ा मार्ग से मुरादाबाद के लिए रवाना हुए। साथ ही मुरादाबाद से भी आने वाले बहुत से वाहन चालकों ने पलवाड़ा मार्ग से होकर गुजरने का विकल्प अपनाया। जाम लगने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारू कराने में जुट गए। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार का कहना है कि वाहनों का दवाब बढ़ने के कारण टोल पर जाम लग गया था।

हापुड़-मुरादाबाद के बीच जाम से मिलेगी निजात, निर्माण ने पकड़ी गति

उधर, हापुड़- मुरादाबाद के बीच आए-दिन लगने वाले जाम से लोगों को जल्द निजात मिलेगी। अनलॉक होने के बाद हापुड़ से मुरादाबाद तक सिक्स-लेन हाइवे के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। दिन- रात निर्माण कार्य चल रहा है। संभावना है कि वर्ष 2021 के अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। सौ किमी लंबे इस हाइवे पर कोई यूटर्न नहीं होगा। हाइवे से ग्राम वासियों की सुविधा के लिए अंडरपास एवं सर्विस रोड दिए गए हैं।

हाइवे निर्माण होने के बाद हापुड़ से मुरादाबाद तक का सफर तय करने में मात्र 45 मिनट का समय लगेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (पूर्व में 24) देश की राजधानी दिल्ली को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जोड़ता है। इस मार्ग पर आए दिन जाम की समस्या रहती थी। जिसके चलते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे परियोजना के अंतर्गत डासना से हापुड़ बाइपास तक सिक्स-लेन और पिलखुवा में पौने पांच किमी लंबे एलिवेटेड रोड का निर्माण हुआ है।

नवनिर्मित सड़क पर वाहन फर्रांटा भर रहे हैं। मुरादाबाद तक सड़क को जाम मुक्त करने की दिशा में अब हापुड़ बाइपास से मुरादाबाद तक सिक्स-लेन हाइवे का निर्माण चल रहा है। जिसमें हापुड़ के गांव रामपुर से गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव बक्सर तक बाइपास बनाया जाना है। बाइपास 21 से अधिक गांवों से होकर गुजर रहा है।एनएचआइ ने हापुड़ से मुरादाबाद तक 100 किमी लंबे हाइवे के निर्माण की जिम्मेदारी आइआरबी कंपनी को दी है। आइआरबी ने इसका ठेका एचजी इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया है। एचजी इंफ्रास्ट्रक्चर ने निर्माण शुरू कर दिया। प्रस्तावित योजना के मुताबिक निर्माण कार्य 2021 के अंत तक संपन्न होना है।

chat bot
आपका साथी