जनपद की सीमा विस्तार को लेकर डीएम बुलंदशहर से की वार्ता

जागरण संवाददाता हापुड़ जनपद हापुड़ की सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन में लंबित पड़ा है। जिस

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 09:25 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 09:25 PM (IST)
जनपद की सीमा विस्तार को लेकर डीएम बुलंदशहर से की वार्ता
जनपद की सीमा विस्तार को लेकर डीएम बुलंदशहर से की वार्ता

जागरण संवाददाता, हापुड़

जनपद हापुड़ की सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन में लंबित पड़ा है। जिसमें बुलंदशहर और मेरठ जनपद का कुछ इलाका हापुड़ जनपद में जोड़ने का अनुरोध किया गया था। इसको लेकर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बुलंदशहर के जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर प्रस्ताव के संबंध में जानकारी ली। 28 सितंबर 2011 को जनपद गाजियाबाद की तहसील हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर को अलग कर जनपद का सृजन किया गया था और धौलाना को नई तहसील बनाया गया था। जनपद में इस समय 366 राजस्व गांव, चार विकास खंड हैं। भौगोलिक क्षेत्रफल 111763 हेक्टेयर है।

शासन को भेजे गए प्रस्ताव में बुलंदशहर जनपद की स्याना तहसील और गुलावठी विकास खंड को तहसील बनाकर जनपद हापुड़ में जोड़ने का अनुरोध किया गया था। मेरठ जनपद के खरखौदा विकास खंड के 27 गांवों को भी जनपद का हिस्सा बनाने का अनुरोध किया था।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बुलंदशहर के जिलाधिकारी से बुलंदशहर जनपद का जो क्षेत्र हापुड़ जनपद में आना है उसके बारे में जानकारी ली। डीएम अनुज सिंह ने बताया कि सीमा विस्तार के संबंध में अभी मंथन किया जा रहा है। उसके बाद ही शासन को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी