घर के बाहर लगे सरकारी नल से पानी भरने से मना किया, दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे, हुआ खूनी संघर्ष, 25 नामजद

थाना देहात क्षेत्र के गांव सिलाई में बृहस्पतिवार शाम सरकारी नल से पानी भरने का विरोध करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ जमकर पथराव हुआ। पथराव होता देखकर आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों में कैद हो गए।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 11:50 AM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 11:50 AM (IST)
घर के बाहर लगे सरकारी नल से पानी भरने से मना किया, दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे, हुआ खूनी संघर्ष, 25 नामजद
थाना देहात क्षेत्र के गांव सिलाई में बृहस्पतिवार शाम हुई वारदात।

केशव त्यागी, हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव सिलाई में बृहस्पतिवार शाम सरकारी नल से पानी भरने का विरोध करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ जमकर पथराव हुआ। पथराव होता देखकर आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों में कैद हो गए। विवाद में कई लोग चोटिल हो गए। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 25 नामजद व छह अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव सलाई निवासी अयान बृहस्पतिवार शाम अपने पड़ोसी हैदर के घर के बाहर लगे सरकारी नल से पानी भरने गया था। इस दौरान हैदर ने अयान को पानी भरने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और गाली -गलौज करने लगे। थोड़ी देर में दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट शुरू हो गई। इतना ही नहीं दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर पथराव कर दिया। पथराव होता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग अपने घरों में कैद हो गए।

ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बल प्रयोग कर मामला शांत कराया। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष से आमिर, शाहआलम, तलहा, परवेज, इबने, असलम व दूसरे पक्ष से समीर, गुलजार, नजाकत, रिफाकत, उम्मेद, हसरत, फैजान, अयान, इंशाअल्लाह को गिरफ्तार किया है। जबकि, एक पक्ष से हैदर, नईम, मतीन , मुनव्वर व दूसरे पक्ष से नदीम , बिलाल , शहजाद, इरशाद , सानू और इंसाद मौके से फरार हो गए। दोनों पक्षों के उक्त 25 नामजद आरोपितों समेत छह अज्ञात महिला आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी