UP Panchayat Chunav 2021: ग्राम प्रधान के विजय जलूस की खबर छापी तो पत्रकार को जमकर पीटा फिर तान दी पिस्टल

ग्राम प्रधान ने अपने साथियों से मिलकर पत्रकार को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर हत्या की धमकी दी। पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत चार नामजद व तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 12:04 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 12:32 PM (IST)
UP Panchayat Chunav 2021: ग्राम प्रधान के विजय जलूस की खबर छापी तो पत्रकार को जमकर पीटा फिर तान दी पिस्टल
UP Panchayat Chunav 2021: ग्राम प्रधान के विजय जलूस की खबर प्रकाशित करना पड़ा महंगा, जमकर पीटा; तान दी पिस्टल

हापुड़ [केशव त्यागी]। हापुड़ जिले के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी एक पत्रकार को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के विजय जलूस की खबर प्रकाशित करना महंगा पड़ गया। ग्राम प्रधान ने अपने साथियों से मिलकर पत्रकार को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर हत्या की धमकी दी। पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत चार नामजद व तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ग्राम फतेहपुर कुचेसर रोड चौपला निवासी नरेंद्र सिंह पत्रकार है। कुछ दिन पूर्व नरेंद्र ने गांव शाहपुर जट के नवनिर्वाचित प्रधान मनोज के विजय जुलूस की खबर प्रकाशित की थी। इसको लेकर प्रधान ने पत्रकार को धमकी दी थी। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वह अपने घर पर खाना खा रहा था। इस दौरान एक अज्ञात नंबर से पीड़ित को एक फोन कॉल आई। फोन पर बात कर रहे युवक ने पीड़ित को उसकी गली के बाहर बुलाया।

पीड़ित गली के बाहर पहुंचा। जहां उसे एक युवक खड़ा दिखाई दिया। उक्त युवक बात करने के बहाने पीड़ित को बाईपास की तरफ ले गया। कुछ देर बाद ग्राम प्रधान शाहपुर जट्ट निवासी मनोज कार में आपने छह अन्य साथियों को लेकर वहां पहुंचा। प्रधान के साथ आए पांच लोग हाथ में तमंचे लिए हुए थे। एक युवक ने पीड़ित की कनपटी से तमंचा सटा दिया। सभी आरोपित पीड़ित को जबरन एक अहाते में ले गए। खबर प्रकाशित की बात पर आरोपितों ने पीड़ित को बेरहमी से पीटा। ग्राम प्रधान ने पीड़ित व उसके परिवार की हत्या करने की धमकी भी दी। किसी तरह आरोपितों के चंगुल से बचकर पीड़ित थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान शाहपुर जट्ट निवासी मनोज व उसके साथी प्रदीप, हरप्रीत व ललित और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी