सीएमओ ने कहा, नहीं बता सकते सटीक उम्र

नगर पालिका के करीब 32 सफाई कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ का मामला अब शासन के पाले में पहुंच गया है। सीएमओ ने साफ कर दिया है कि सफाई कर्मचारियों की सटीक उम्र नहीं बताई जा सकती है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 07:30 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 07:30 PM (IST)
सीएमओ ने कहा, नहीं बता सकते सटीक उम्र
सीएमओ ने कहा, नहीं बता सकते सटीक उम्र

जागरण संवाददाता, हापुड़ : नगर पालिका के करीब 32 सफाई कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ का मामला अब शासन के पाले में पहुंच गया है। सीएमओ ने साफ कर दिया है कि सफाई कर्मचारियों की सटीक उम्र नहीं बताई जा सकती है। इसके बाद नगर पालिका ने शासन को फिर से पत्र भेजा है, जिसमें मामले में सुझाव देने के साथ ही निर्णय लेने का आग्रह किया गया है।

किसी भी सरकारी विभाग में तैनात अधिकारी व कर्मचारी की पूरी नौकरी सर्विस बुक (सेवा पुस्तिका) के आधार पर ही चलती है। इस बुक में कर्मचारी की नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक सभी कुछ दर्ज रहता है। साथ ही कर्मचारी की नौकरी से संबंधित सभी जानकारी इसमें होती हैं। ऐसे में सर्विस बुकों से छेड़छाड़ का मामला गंभीर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका ने सीएमओ को पत्र लिखा था और कर्मचारियों की उम्र का सत्यापन करने की बात कही थी लेकिन, इस पत्र के बाद सीएमओ डा. रेखा शर्मा ने भी जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिकारियों को पत्र लिखा है। इसमें साफ कर दिया गया है कि सटीक उम्र की जानकारी नहीं दी जा सकती है। करीब-करीब उम्र बताई जा सकती है, जिसमें तीन से पांच वर्ष तक का अंतराल हो सकता है।

ऐसे में मामला और अधिक गंभीर हो गया है। क्योंकि इन कर्मचारियों की जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि और सेवानिवृत्ति तिथि से ही छेड़छाड़ हुई है। हालांकि, नगर पालिका के अधिकारी भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं लेकिन, उनकी जांच का नतीजा अभी तक सामने नहीं आ सका है। यह होती है सर्विस बुक

सर्विस बुक (सेवा पुस्तिका) प्रत्येक कार्मिक का एक महत्वपूर्ण अभिलेख है। इसमें कार्मिक का व्यक्तिगत विवरण, पदस्थापन, पदोन्नति, एसीसी, ट्रांसफर पर कार्यग्रहण व कार्यमुक्ति, योग्यता, वेतन, सेवा सत्यापन, सीसीए रूल्स के अनुसार विभागीय कार्रवाई, जांच, निलंबन, समय-समय पर नियुक्ति, सेवा समाप्त, बहाल, दंड, सेवा बर्खास्त आदि की एंट्री के साथ विभिन्न प्रकार के अवकाश, निर्वेतन अवकाश आदि दर्ज होता है। क्या कहती हैं सीएमओ -

एकदम सटीक उम्र के बारे में जानकारी नहीं दी जा सकती है। पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिकारियों को भेज दी गई है।

- डा. रेखा शर्मा, सीएमओ

chat bot
आपका साथी