मानकविहीन फोरलेन के निर्माण से छह घर जलमग्न

संस राठ उरई मार्ग पर रिहुंटा गांव में निर्माणाधीन फोरलेन के अधिकारियों की लापरवाह

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 07:50 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 07:50 PM (IST)
मानकविहीन फोरलेन के निर्माण से छह घर जलमग्न
मानकविहीन फोरलेन के निर्माण से छह घर जलमग्न

संस, राठ : उरई मार्ग पर रिहुंटा गांव में निर्माणाधीन फोरलेन के अधिकारियों की लापरवाही के चलते जलनिकासी व्यवस्था नहीं की गई। शुक्रवार रात बारिश होने से 6 घरों में पानी भर गया और किसानों का घर में रखा गुड़, गेहूं व भूसा खराब हो गए। ग्रामीण फोरलेन के अधिकारियों को कोस रहे हैं।

उरई मार्ग पर रिहुंटा गांव में फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों की लापरवाही के चलते सड़क पर बन रहे पुल के निर्माण के कारण गांव की जल निकासी बंद कर दी है। इस कारण पानी घरों में भर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारियों से अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की थी। लेकिन उन्होंने मनमानी करते हुए बात अनसुनी कर दी। जल निकासी की व्यवस्था ना होने के कारण शुक्रवार रात जोरदार बारिश से कई घरों में पानी भर गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गांव के अभिनंदन राजपूत, प्रमोद राजपूत, रतन सिंह, रविद्र, राम सहोदर, रामसहाय, विनोद लोधी, जय हिद ने बताया कि घरों में पानी भर जाने से गुड़, भूसा और गेहूं खराब हो गया है। जिससे ग्रामीणों का लाखों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क किनारे बनाया गये नाले में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। जिससे नाला पहली बारिश से ही कुछ हिस्सा टूटकर गिर गया।

पीड़ितों ने सुनाई व्यथा, आधिकारियों को कोसा

विनोद लोधी ने बताया वह अपनी चार बीघा कृषि योग्य भूमि पर खेती करता है। इस बार डेढ़ बीघा भूमि पर गन्ने की फसल और बाकी भूमि पर गेहूं की फसल की थी। गन्ने की फसल से 22 क्विंटल गुड़ बनकर तैयार किया था। जिसे घर पर रख लिया। लेकिन शुक्रवार रात बारिश होने और जलनिकासी की व्यवस्था न होने से घर में पानी भर गया। जिससे सारा गुड़ बर्बाद हो गया। जयहिद लोधी खेती करता है। खेतों से लाकर पांच क्विंटल गेहूं घर में रखा था पानी से वह खराब हो गया। रोहित लोधी ने बताया कि मवेशियों के लिए के घर में रखा तीन ट्राली भूसा पानी से खराब हो गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जमकर कोसा।

chat bot
आपका साथी