जापान के इंटरनेशनल मास्टर गेम में दौड़ेंगी रंजना
जागरण संवाददाता हमीरपुर बनारस में चल रहे नेशनल मास्टर गेम में जगह बनाने के बाद अब हम
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : बनारस में चल रहे नेशनल मास्टर गेम में जगह बनाने के बाद अब हमीरपुर की बेटी रंजना जापान में होने वाले इंटरनेशनल मास्टर गेम में अपना दमखम दिखाएंगी। इस कामयाबी पर रंजना के घरवालों के साथ जिले के लोगों में खुशी छाई है।
बनारस में हुई दौड़ प्रतियोगिता में जीत दर्ज कराने वालीं जिला मुख्यालय के भिलांवा मोहल्ला निवासी रंजना ने बताया कि 26 नवंबर से 29 नवंबर तक बनारस में नेशनल मास्टर गेम का आयोजन किया गया था। जिसमें उसने भाग लिया था। उसने बताया कि 1500 मीटर की दौड़ में उसने प्रथम स्थान पाया। इसके अलावा पांच व दस किमी की दौड़ में भी प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए जापान में होने वाली प्रतियोगिता में अपनी जगह बना ली है। बनारस में रंजना को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है। उसने बताया कि आगामी 22 जून से जापान में होने वाले इंटरनेशनल मास्टर गेम में वह अपना दमखम दिखाएंगी जिसके लिए उसने तैयारी शुरू कर दी है। इस कामयाबी से उसके घरवालों के अलावा पड़ोसियों, रिश्तेदारों व जिले के लोगों में खुशी का माहौल है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का आखिरी दिन आज
जासं, हमीरपुर : जिलाधिकारी डा. चंद्रभूषण ने जिले के लोगों को बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 की तैयारियों के चलते संपूर्ण नवंबर माह में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य संचालित किया जा रहा है। जिसमें लोगों के नाम जोड़ने, संशोधित करने, मृतकों के नाम काटने का कार्य चलाया जा रहा है। 30 नवंबर को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का आखिरी दिन है।
कहा कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे सभी व्यक्ति जिन्होंने अभी तक किसी कारणवश मतदाता बनने के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा उनका मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है। वह मंगलवार तक अनिवार्य रूप से अपने बीएलओ से संपर्क कर उन्हें फार्म भरकर अवश्य उपलब्ध करा दें। अन्यथा की स्थिति में मतदाता सूची में नाम न होने से आगामी विधानसभा चुनाव में वह वोट डालने से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पुनरीक्षण अभियान में ऐसे सभी लोग जिनकी 1 जनवरी 2022 को उम्र 18 वर्ष हो रही है या उससे अधिक हो रही है और उनका मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं है। वह इस अभियान में अपने संबंधित बीएलओ से फार्म लेकर अपना नाम सूची में अवश्य दर्ज करा लें।