पहाड़ों पर बारिश से उफनाई गंगा, जलस्तर चेतावनी बिदु के पार

संवाद सहयोगी अमृतपुर (फर्रुखाबाद) गंगा का जलस्तर बढ़कर चेतावनी बिदु के पार पहुंच गया। ि

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 10:54 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 10:54 PM (IST)
पहाड़ों पर बारिश से उफनाई गंगा, जलस्तर चेतावनी बिदु के पार
पहाड़ों पर बारिश से उफनाई गंगा, जलस्तर चेतावनी बिदु के पार

संवाद सहयोगी, अमृतपुर (फर्रुखाबाद) : गंगा का जलस्तर बढ़कर चेतावनी बिदु के पार पहुंच गया। जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है। हरसिंहपुर कायस्थ में कटान से भयभीत ग्रामीण अपने पक्के मकान तोड़ने में जुटे हैं। खेतों में बाढ़ का पानी भरने से फसलें खराब होने लगी हैं।

गंगा का जलस्तर 10 सेमी बढ़कर चेतावनी बिदु के दस सेंटीमीटर ऊपर 136.70 मीटर पर पहुंच गया है। गुरुवार को नरौरा बांध से गंगा में 83118 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रामगंगा का जलस्तर भी बढ़कर 134.10 मीटर पर पहुंच गया है। खोह हरेली व रामनगर से रामगंगा में 2039 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांव हरसिंहपुर कायस्थ, तीसराम की मड़ैया, बंगला, जोगराजपुर, भुड्डन की मड़ैया व सुंदरपुर में बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

हरसिंहपुर कायस्थ गांव के रास्ते में बाढ़ का पानी तेज धार के साथ बह रहा है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। प्राथमिक स्कूल भी बाढ़ के पानी से घिर गया है। ग्रामीण गंगा की धार की जद में खड़े मकानों को तोड़ने में जुटे हैं।

हरसिंहपुर कायस्थ व तीसराम की मड़ैया के ग्रामीण ऊंचे स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं। खेतों में बाढ़ का पानी भरने से फसलें जलमग्न हो गई हैं। फसलें खराब होने की आशंका बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से ग्रामीणों को मवेशियों के चारे की समस्या हो गई है।

माखन नगला के गेंदालाल यादव व पेशकार यादव बताते हैं कि गंगा के किनारे खेतों में फसलें बाढ़ के पानी से भर गई हैं। यदि बाढ़ का पानी कम नहीं हुआ तो गन्ना की फसल खराब हो जाएगी। वह कहते हैं कि गन्ना की फसल में किल्ले छोटे हैं। जिससे गन्ना की फसल में अधिक नुकसान होने की आशंका है। गौटिया, जमापुर, जोगराजपुर व उदयपुर गांव में मूंगफली, मक्का व मेंथा की फसल बाढ़ के पानी से भर गई हैं।

तहसीलदार संतोष कुमार बताते हैं कि अभी किसी गांव का बाढ़ के पानी से आवागमन बाधित नहीं हुआ है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर नावें उपलब्ध कराई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी