झगड़े के बाद किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

संवाद सहयोगी सरीला जरिया थानाक्षेत्र के बरगवां गांव में विवाद के बाद युवक ने किसान की कुल्हा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 09:28 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 09:28 PM (IST)
झगड़े के बाद किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
झगड़े के बाद किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

संवाद सहयोगी, सरीला : जरिया थानाक्षेत्र के बरगवां गांव में विवाद के बाद युवक ने किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बीच बचाव करने आई आरोपित की मां भी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस शराब के नशे में घटना होने की बात कह रही है।

शनिवार शाम पांच बजे बरगवां गांव निवासी 55 वर्षीय लल्लूराम लोधी गांव के ही रामऔतार के साथ मकान के सामने बैठकर बातचीत कर रहा था। दोनों में किसी बात पर विवाद हो गया। कुछ ही देर में बहस इतनी बढ़ गई कि रामऔतार ने एक सहयोगी के साथ मिलकर लल्लूराम पर कुल्हाड़ी से कई हमले कर दिए। इससे लल्लूराम की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बीचबचाव करने पहुंची रामऔतार की मां भी बुरी तरह घायल हो गई। आरोपित वारदात के बाद फरार हो गया। सूचना पर सीओ विवेक यादव व इंस्पेक्टर राजेश कुमार वर्मा मौके पर पहुचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं आरोपित की घायल मां रूपरानी को इलाज के लिए सरीला सीएचसी भेजा। मृतक के भाई उदयभान ने रामऔतार व उसके भतीजे सहित दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

सीओ विवेक यादव ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि मृतक के घर के सामने ही दोनों बात कर रहे थे। दोनों शराब के नशे में थे। दोनों में विवाद के बाद रामऔतार ने लल्लूराम की हत्या कर दी। विवाद किस बात पर हुआ, इसकी जानकारी की जा रही है।

खेती किसानी कर परिवार पालता था लल्लूराम

जानकारी के अनुसार मृतक पांच भाई थे। जिनमें वह सबसे बड़ा था। वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था। वहीं उसके दो बेटे धर्मेंद्र व जीतेंद्र काम को लेकर बाहर रहते है। जिन्हें घटना की सूचना दे बुलाया गया है।

chat bot
आपका साथी