Diwali 2021: दीपावली पर ऐसे करें पूजन, अकाल मृत्यु एवं नरक के भय से म‍िलेगा छुटकारा

Diwali 2021 दीपावली की पूर्व संध्या अर्थात छोटी दीपावली पर बुधवार को लोगों ने चतुर्दश दीपदान कर दीपावली उत्सव का प्रारंभ किया। चौदह दीये जलाए गए। कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी अर्थात नरक चतुर्दशी पर यम का पूजन व उनके निमित्त दीपदान कर श्रद्धालुओं ने मंगल कामना की।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 07:50 AM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 07:50 AM (IST)
Diwali 2021: दीपावली पर ऐसे करें पूजन, अकाल मृत्यु एवं नरक के भय से म‍िलेगा छुटकारा
Diwali 2021: दीपावली पर व‍िध‍ि व‍िधान से पूजन से अकाल मृत्‍यु नहीं होती है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लंका विजय के बाद भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी गुरुवार को दोहराई जाएगी। परंपरागत रूप से आस्था व उल्लास के साथ धूमधाम से दीपावली मनाई जाएगी। महानगर इसकी तैयारी कर चुका है। बुधवार को पूरा शहर सतरंगी रोशनी से नहाता दिखा।

जारी है खरीदारी

लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, दीयों, पटाखों व फुलझड़ियों की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी धनतेरस से ही जारी है। घर, मकान, दुकान, होटल सभी सतरंगी विद्युत झालरों से रोशन हैं। लक्ष्मी-गणेश पूजन की पूरी तैयारी श्रद्धालुओं ने कर ली है। आंगन अल्पना (रंगोली) से सजाया जाएगा, जहां पूजा-अर्चना कर मां लक्ष्मी के घर में वास की कामना की जाएगी। दीपावली को लेकर स्थायी दुकानों के अलावा लगभग हर चौराहे पर सड़क की दोनों पटरियों पर लाइन से दुकानें सजाई गई थीं। मिठाई, बर्तन, घरेलू सामान, पटाखा-फुलझड़ियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। त्योहार की बची-खुची खरीदारी पूरी की गई।

श्रद्धालुओं ने किया यम के निमित्त दीपदान

दीपावली की पूर्व संध्या अर्थात छोटी दीपावली पर बुधवार को लोगों ने चतुर्दश दीपदान कर दीपावली उत्सव का प्रारंभ किया। चौदह दीये जलाए गए। कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी अर्थात नरक चतुर्दशी पर यम का पूजन व उनके निमित्त दीपदान कर श्रद्धालुओं ने मंगल कामना की।

आंगन में हल्दी, चावल, अक्षत, चंदन, पुष्प आदि से रंगोली बनाकर विष्णु, लक्ष्मी, कुबेर, इंद्र एवं प्रथम पूज्य देव गणेश की पूजा-अर्चना की गई। यमराज की पूजा कर यम का दीपक भी घर से बाहर रखा गया। मान्यताओं के अनुसार नरक चतुर्दशी के दिन यम का पूजन करने से अकाल मृत्यु एवं नरक के भय से छुटकारा मिलता है।

श्रद्धालुओं ने किया मां लक्ष्मी का दर्शन-पूजन

महानगर में स्थापित मां लक्ष्मी की मूर्तियों का दर्शन-पूजन कर श्रद्धालुओं ने मंगल कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में सपरिवार पहुंचे और मत्था टेका। लोगों के पहुंचने का सिलसिला शाम को शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। पूजा स्थलों पर देवी गीत गूंज रहे थे। पूजा पंडालों को विविध रंगों के विद्युत बल्बों से सजाया गया था। माहौल भक्ति से ओतप्रोत रहा।

भगवान महावीर का निर्वाण महोत्सव आज

दीपावली के दिन गुरुवार को जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का निर्वाण महोत्सव मनाया जाएगा। पारसनाथ दिगंबर जैन सोसाइटी के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने बताया कि भगवान महावीर का निर्वाण दीपावली के ही दिन ही पावा में हुआ था। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे से होगी। आर्य नगर स्थित जिनालय में जैन समाज मिलकर यह पर्व मनाएगा।

chat bot
आपका साथी