धान खरीद में चुनौती बन रहा कार्य बहिष्कार, राइस मिलरों के कार्य बहिष्कार से बढ़ी थी परेशानी

जिले में हो रही धान खरीद में राइस मिलरों के कार्य बहिष्कार से बाधा पैदा हो रही है। विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर जारी हड़ताल के कारण अब तक खाद्य विभाग एवं मिलरों के बीच समझौता नहीं हो सका है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 02:52 PM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 02:52 PM (IST)
धान खरीद में चुनौती बन रहा कार्य बहिष्कार, राइस मिलरों के कार्य बहिष्कार से बढ़ी थी परेशानी
धान खरीद में चुनौती बन रहा कार्य बहिष्कार। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जिले में हो रही धान खरीद में राइस मिलरों के कार्य बहिष्कार से बाधा पैदा हो रही है। विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर जारी हड़ताल के कारण अब तक खाद्य विभाग एवं मिलरों के बीच समझौता नहीं हो सका है। इधर साधन सहकारी समिति के कर्मियों का भी कार्य बहिष्कार चल रहा था। स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समिति के केंद्र भी धान खरीद के लिए तैयार हो गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि दीपावली बाद धान खरीद में और तेजी आ सकेगी।

127 क्रय केंद्रों को मिला है अनुमोदन

जिले में अभी तक 127 क्रय केंद्र अनुमोदित हैं। इनमें से 70 केंद्र साधन सहकारी समिति के पास हैं। नियमित वेतन एवं कमीशन में वृद्धि की मांग को लेकर प्रदेश स्तर पर हड़ताल चल रही थी। हड़ताल के कारण समिति के केंद्र नहीं खुल सके थे। बुधवार तक जिले में 300 टन धान की खरीद हो चुकी है। 60 केंद्रों पर किसानों ने धान बेचा है। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद के हस्तक्षेप के बाद समिति के कर्मी केंद्र खोलने के लिए राजी हो गए हैं।

कस्‍टम मिल्‍ड राइस का विरोध कर रहे राइस मिलर

राइस मिलर कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) 67 फीसद होने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि 58 से 60 फीसद ही सीएमआर प्राप्त हो पाती है। मिलर धान की कुटाई भी बढ़ाने की मांग की जा रही है। मिलर धान की कुटाई 250 से 300 रुपये प्रति क्ंिवटल करने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को जिलाधिकारी ने उनके साथ साथ बैठक भी की। जिलाधिकारी ने बैठक में मिलरों से सहयोग करने को कहा। मिलरों ने कहा कि प्रदेश स्तर पर इसका निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने अपनी समस्या को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि सभी केंद्र धीरे-धीरे खुल जाएंगे। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

राइस मिलरों ने दिया सहयोग का आश्‍वासन

जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि साधन सहकारी समिति के कर्मियों का कार्य बहिष्कार समाप्त हो चुका है और वे कार्य पर लौट आए हैं। राइस मिल मालिकों के साथ भी बैठक की गई है। उन्होंने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है। जितने भी किसान केंद्रों पर आ रहे हैं, उनसे खरीद की जा रही है।

नौ सूत्रीय मांगों को लेकर मिलर कर रहे बहिष्‍कार

पूर्वांचल राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्‍यक्ष लक्ष्‍मण वर्मा ने बताया कि मिलर अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। हमारी मांगे जब तक नहीं मानी जातीं, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। सभी मांगें उचित हैं, शासन को इनपर विचार करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी