सिद्धार्थनगर में गैर समुदाय में विवाह करने पर महिला को पीटकर मार डाला

सिद्धार्थनगर जिले में रविवार शाम शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के कपिया खालसा में एक महिला की गैर समुदाय में विवाह करने पर नाराज मायके वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। 28 वर्षीय सुनीता का शव गांव की सड़क पर छोड़कर स्वजन भाग निकले।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 09:48 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 09:48 PM (IST)
सिद्धार्थनगर में गैर समुदाय में विवाह करने पर महिला को पीटकर मार डाला
घटना स्थल का जायजा लेते एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी। जागरण

गोरखपुर, जेएनएन : सिद्धार्थनगर जिले में रविवार शाम शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के कपिया खालसा में एक महिला की गैर समुदाय में विवाह करने पर नाराज मायके वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। 28 वर्षीय सुनीता का शव गांव की सड़क पर छोड़कर स्वजन भाग निकले। मौके पर एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी पहुंचे और हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

गांव के अब्‍दुल मोतिन के साथ किया था कोर्ट मैरिज

कपिया खालसा निवासी विश्वनाथ की पुत्री सुनीता गांव के ही अब्दुल मोतिन के साथ 2013 में मुंबई के बांद्रा कोर्ट में प्रेम विवाह कर लिया था। महिला एक महीने पहले मुंबई से आकर गांव में रह रही थी। चिल्हिया एसओ यसवंत सिंह ने बताया कि शादी को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। पूछताछ में पता चला कि ग्रामीणों के सामने ही मायकेवालों ने महिला पर हमला किया और पत्थर से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जब पुलिस गांव पहुंची तो दोनों पक्ष के लोग फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए शोहरतगढ़ सीओ प्रदीप कुमार यादव, सीओ सदर राणा महेंद्र प्रताप सिंह, शोहरतगढ़ एसओ राजेंद्र बहादुर सिंह, जोगिया एसओ तहसीलदार सिंह, कपिलवस्तु एसओ महेश सिंह ने स्थिति को संभाला है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राम अभिलाष त्रिपाठी ने कहा कि दो समुदाय के बीच विवाद देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिन दो परिवार के बीच विवाद था, उनके घर कोई नहीं मिला है।

पत्नी का हत्यारा पति गिरफ्तार

त्रिलोकपुर पुलिस ने मन्नीजोत गांव निवासी लौटू प्रसाद को उनकी पत्नी के गैर इरादतन हत्या के आरोपित में गिरफ्तार किया है। जिन्हें बाद में जेल भेज दिया गया। आरोपित लौटू प्रसाद का अपनी पत्नी कुशमा के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस बीच दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच मारपीट की घटना हुई। पति ने पत्नी को धक्का दे दिया, जिसमें पत्नी का सिर घर के बरामदे में बने ईंट के पाये में जा लगा। गंभीर अवस्था में घायल पत्नी की मृत्यु हो गई। मृतका के भाई कन्हैया निवासी रामनगर ऐशबाग थाना बाजार खाला जनपद लखनऊ की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक रणधीर कुमार मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी। सुबह टीम ने 24 घंटे के अंदर भनवापुर चौराहे से आरोपित को गिरफ्तार करने में सफल रही।

chat bot
आपका साथी