इस रणनीत‍ि से मिशन-2022 के फतह करेगी भाजपा, ग्राउंड लेबल पर शुरू हुई तैयारी

भाजपा ने मिशन-2022 की तैयारी शुरू कर दी है। पंचायतों तक अपने कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के बाद पार्टी ने अब उन्हें विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सहेजना शुरू कर दिया है। इस रणनीत‍ि के तहत पंचायत चुनाव में व‍िजयी उम्‍मीदवारों का सम्‍मान क‍िया जाएगा।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 12:50 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 02:17 PM (IST)
इस रणनीत‍ि से मिशन-2022 के फतह करेगी भाजपा, ग्राउंड लेबल पर शुरू हुई तैयारी
भाजपा ने म‍िशन 2022 फतह करने की तैयारी शुरू कर दी है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पंचायत चुनाव में अभूतपूर्व सफलता हासिल होने के बाद उत्साहित भाजपा का अब पूरा जोर मिशन-2022 पर है। पंचायतों तक अपने कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के बाद पार्टी ने अब उन्हें विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सहेजना शुरू कर दिया है।

ब्लाकवार चलाए जा रहे पांच दिवसीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह के पीछे भी भाजपा का मकसद यही है। जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से सम्मानित होकर पंचायत प्रतिनिधियों की निष्ठा पार्टी के प्रति और बढ़ेगी और वह पूरी ऊर्जा के साथ गांव-गांव तक पार्टी का परचम लहराएंगे, आयोजन के पीछे शीर्ष नेतृत्व की यही रणनीति है।

ब्लाकवार जीते पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान कर रहे जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी

ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तो पार्टी ने अपने प्रत्याशी घोषित किए थे लेकिन ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को पीछे से सहयोग करने निर्णय लिया था। ऐसे में जीते ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों में कौन से अपने हैं और किन्हें जीतने के बाद अपने पाले में किया जा सकता है, इस मंशा के साथ पार्टी ने ब्लाकवार सम्मान समारोह आयोजित करने की रणनीतिक योजना बनाई।

सम्मान से जीत रहे दिन फिर दे रहे विधानसभा चुनाव के लिए जुट जाने का मंत्र

समारोह में मिले सम्मान से उत्साहित होकर ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की कार्यक्रम से जुड़ जाएं, इसके लिए इस आयोजन से विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को जोड़ा गया। 27 जुलाई से शुरू होकर 31 जुलाई तक के पांच दिन के इस आयोजन में जिले के सभी 20 ब्लाक के पंचायत प्रतिनिधियों को साधने की योजना बनाई गई। शुक्रवार तक इनमें से 14 ब्लाकों के पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान के जरिए साधा जा चुका है। अंतिम दिन यानी शनिवार को बाकी के छह ब्लाकों में सम्मान के सकुशल आयोजन की तैयारी भी हो चुकी है। ऐसे में पार्टी की रणनीति सफल होती नजर आ रही है।

ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सौपेंगे बूथ की जिम्मेदारी

सम्मान कार्यक्रम के बाद विधान सभा चुनाव में वोटों को सहेजने के लिए भाजपा नेतृत्व ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने की तैयार कर रहा है। उन्हें न्याय पंचायत स्तर बने पार्टी के शक्ति केंद्रों से जोड़ा जाएगा और बूथों को मजबूत करने का जिम्मा दिया जाएगा। यहां तक कि गांव में बनाए जाने वाले पन्ना प्रमुखों की सूची में उन्हें प्रमुखता दी जाएगी। ब्लाक प्रमुख इसे लेकर ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मार्गदर्शन करेंगे। अंतिम जिम्मेदारी उन्हीं की तय होगी।

chat bot
आपका साथी