महराजगंज में प‍त्‍नी ने खुदकुशी की तो मुंबई में पति ने ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान

महराजगंज के घुघली में पत्‍नी ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मुंबई में रह रहे उसके पति को पुलिस ने दी तो उसने भी ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। बहू का अंतिम संस्कार करने के बाद स्वजन बेटे का शव लेने मुंबई रवाना हो गए हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 07:50 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 07:50 AM (IST)
महराजगंज में प‍त्‍नी ने खुदकुशी की तो मुंबई में पति ने ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान
खुदकुशी करने वाले दंपती की शादी के समय की फाइल फोटो।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : महराजगंज जिले के घुघली थाना के परसा गिदही गांव में फंदे से लटककर पत्नी के मौत की खबर सुनते ही मुंबई में कमाने गए पति ने भी ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। बहू के शव का अंतिम संस्कार करने के बाद स्वजन बेटे का शव लेने मुंबई रवाना हो गए हैं। घुघली पुलिस के अबतक की जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव को घटना का कारण माना जा रहा है।

घर में कोई नहीं था, फंदे पर झूल गई अनीता

कोठीभार थाना के मूलग्राम कोठीभार निवासी भुआल गुप्ता की पुत्री अनीता की शादी घुघली थाना क्षेत्र के परसा गिदही गांव निवासी राजकुमार से हुई थी। अनीता की जेठानी रीना, जेठ रामसनेह और सास सोनमती खेत में निराई करने गए हुए थे, उसी समय अनीता फंदे पर लटक गई। मजिस्ट्रेट के साथ पहुंची घुघली पुलिस ने मामले की सूचना मुंबई में रहने वाले उसके पति को देकर कार्रवाई में जुट गई। बताया जा रहा है कि पुलिस इधर कार्रवाई में जुटी और उधर शाम के समय मुंबई सेंट्रल में पति राजकुमार गुप्ता ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इसकी सूचना मुंबई पुलिस ने घुघली थाने की पुलिस को दी। घुघली थाने के प्रभारी थानेदार रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के बीच फोन पर बात होने की पुष्टि हुई है।

सास सहित तीन पर मुकदमा

मृतका अनीता के पिता भुआल गुप्ता ने घुघली थाने में सास सोनमती समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी थानेदार रवींद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जेठ रामसनेह, जेठानी रीना और सास सोनमती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

शव की शिनाख्त के लिए नेपाल पुलिस से साधा संपर्क

सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदीडाली गांव में युवती का शव मिलने के मामले में चार दिन बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। अब पुलिस ने जांच के दायरे को बढ़ा दिया है। नेपाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। पुलिस ने नौतनवां के रेलवे स्टेशन, चौक-चौराहों और कोरोनारोधी टीका केंद्रों पर महिला की फोटो चस्पा की है।

शव को झाड़‍ियों से ढकने का किया गया था प्रयास

सड़क किनारे एक छिछले कुलावे में मिले महिला के शव को झाड़‍ियों से ढकने का प्रयास किया गया था। पुलिस के मुताबिक शव जिस अवस्था में बरामद हुआ है, उससे यह प्रतीत हो रहा है कि शव को एक से अधिक लोगों ने कुलावे में रखा था। जांच का दायरा इसलिए भी बढ़ जा रहा है कि शव मिलने के स्थान के 200 मीटर पश्चिम नोमेंस लैड निर्धारण करने वाली तिनाव नदी है। उसके पार नेपाल है। वहीं पूरब दिशा में करीब 500 मीटर की दूरी पर डंडा नदी है। अगर शव को छुपाना ही था तो शव को उफनाई नदी में भी फेंका जा सकता था, लेकिन उसे सड़क किनारे रखा गया।

पुलिस कई पहलुओं पर कर रही जांच

जांच के ऐसे तमाम पहलुओं पर पुलिस गौर करने में जुटी है। दोनों नदियों के बीच खनुआ, कैथवलिया उर्फ बरगदही, हरदी डाली व अराजी सरकार उर्फ बैरियहवा गांव हैं, लेकिन इन गांव के लोग महिला की शिनाख्त नहीं कर पाए हैं। सीओ कोमल प्रसाद मिश्र का कहना है कि युवती के शिनाख्त के लिए प्रयास तेज किए गए हैं। मामले के हर पहलुओं की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी