सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होंगे गांव, शहर व कस्बे, प्लास्टिक व पन्नी एकत्र कर रहे कर्मचारी
सरकारी कर्मचारी विभागीय कार्यो के साथ ही गांव गांव सिंगल यूज प्लास्टिक और उससे बनी की पन्नी एकत्र कर रहे हैं। हालांकि ऐसा करते वक्त उन्हें हिचकिचाहट भी हो रही है मगर करें भी क्या उपर से ऐसा करने का निर्देश जो ठहरा।
गोरखपुर, संजय विश्वकर्मा। बस्ती के सरकारी कर्मचारी विभागीय कार्यो के साथ ही गांव गांव सिंगल यूज प्लास्टिक और उससे बनी की पन्नी एकत्र कर रहे हैं। हालांकि ऐसा करते वक्त उन्हें हिचकिचाहट भी हो रही है, मगर करें भी क्या, उपर से ऐसा करने का निर्देश जो ठहरा। 31 अक्टूबर तक उन्हें प्लास्टिक का कचरा एकत्र करना होगा।
स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत चल रहा अभियान
स्वच्छ भारत कार्यक्रम के तहत जिले में 11 अक्टूबर से पंचायती राज विभाग और नेहरू युवा केंद्र द्वारा गांव और शहर को स्वच्छ रखने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक कलेक्शन अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सफाई कर्मचारियों की मदद से चल रहा अभियान
पंचायती राज विभाग सफाई कर्मियों की मदद से जबकि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मदद से प्लास्टिक व उससे बनी पन्नी एकत्र किया जा रहा हैं। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों द्वारा स्कूलों के बच्चों से कहा गया है कि वे अपने घरों में इस्तेमाल हो रहे प्लास्टिक की बोतलें और पन्नी आदि को एकत्र करें। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका और नगर पंचायत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका और नगर पंचायत में प्लास्टिक संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां प्लास्टिक एकत्र किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक राजा शेर सिंह ने बताया कि एकत्र सिंगल यूज प्लास्टिक को ग्राम पंचायत और ब्लाक स्तर पर बने कलेक्शन सेंट में एकत्र किया जा रहा है। इसके बिक्री के संबंध में अभी भारत सरकार से कोई दिशा निर्देश नहीं मिला है।
सिंगल यूज प्लास्टिक कलेक्शन का लक्ष्य
पंचायत राज विभाग...........पांच किलोग्राम प्रतिदिन
बेसिक शिक्षा विभाग...........तीन किलोग्राम प्रतिदिन
बाल विकास एवं पुष्टाहार.......दो किलोग्राम प्रतिदिन
नगर पालिका परिषद बस्ती.....400 किलोग्राम(31 अक्टूबर तक)
समस्त नगर पंचायत...........100 किलोग्राम(31 अक्टूबर तक)
अब तक एकत्र सिंगल यूज प्लास्टिक
विभाग लक्ष्य एकत्र
पंचायतीराज विभाग 9480 किग्रा 5214 किग्रा
बेसिक शिक्षा 3555 किग्रा 1955 किग्रा
बाल विकास एंव पुष्टाहार 2370 किग्रा 1205 किग्रा
नगर पालिका बस्ती 400 किग्रा 255 किग्रा
नगर पंचायतें 500 किग्रा 192 किग्रा
टोटल- 16305 किग्रा 8821 किग्रा
कई विभागों के समन्यवय से चल रहा अभियान
मुख्य विकास अधिकारी डा. राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि गांवों व शहरों को साफ सुथरा बनाने के लिए भारत सरकार के निर्देश पर जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक कलेक्शन का अभियान चलाया जा रहा है। पंचायतीराज विभाग, बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाचार के साथ ही नगर विकास विभाग के समन्वय से अभियान संचालित हो रहा है।