विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा उत्तर प्रदेश: पंकज चौधरी

माहौल बेहतर होने से बाहर के उद्यमियों की बढ़ी उत्तर प्रदेश में रुचि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 06:27 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:27 AM (IST)
विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा उत्तर प्रदेश: पंकज चौधरी
विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा उत्तर प्रदेश: पंकज चौधरी

महराजगंज: केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने राज्य सरकार के उपलब्धियां बताते हुए कहा कि साढ़े चार वर्ष में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। परिणाम स्वरूप बाहर के उद्यमी यहां निवेश कर रहे हैं। अपने उद्यम लगा रहे हैं। एक्सपो शिखर सम्मेलन के बाद प्रदेश को 4.68 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ, जिसमें 3.68 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू हो चुकीं हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान 66 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश मिला। विकास के मामले में उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए नजीर बन चुका है।

वित्त राज्यमंत्री रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भयमुक्त उत्तर प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 10.9 लाख करोड़ से बढ़कर 21.73 लाख करोड़ रुपये हो गया है। जीडीपी के मामले में उत्तर प्रदेश देश का दूसरा सबसे समृद्धशाली राज्य बन गया है। भाजपा सरकार ने 15 हजार किमी से अधिक सड़कें बनवाईं। इससे आवागमन सुगम और रोजगार सृजन हुआ। गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिक व बलिया एक्सप्रेस-वे इसका प्रमाण है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, झांसी, चित्रकूट एवं अलीगढ़ में डिफेंस इंडस्ट्रियल कारिडोर का निर्माण भी योगी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है। विकास को गति देने के लिए प्रदेश में 13 हवाई अड्डों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो, इसके लिए 16 हजार 600 अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। 135 अपराधी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। 401 भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है। पूर्व सरकारों पर तंज कसते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि 69 वर्षों में उत्तर प्रदेश में केवल 12 मेडिकल कालेज बन पाए थे, आज इनकी संख्या 49 हो गई है। प्रदेश के साथ महराजगंज में भी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति व सड़क निर्माण के क्षेत्र में हुए विकास कार्य प्रदेश सरकार की विशेष उपलब्धियां हैं।

chat bot
आपका साथी