UP के पर्यटन मंत्री ने कहा-जल्द ही ईको टूरिज्म बोर्ड बनेगा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में अब कर्नाटक के बाद उत्तर प्रदेश में भी ईको टूरिज्म बोर्ड बनने जा रहा है। यह बोर्ड ऐसे सभी स्थलों के विकास की योजना बनाकर पर्यटकों को लुभाने का काम करेगा।

By Satish chand shuklaEdited By: Publish:Tue, 12 Jan 2021 07:09 PM (IST) Updated:Tue, 12 Jan 2021 07:09 PM (IST)
UP के पर्यटन मंत्री ने कहा-जल्द ही ईको टूरिज्म बोर्ड बनेगा
कार्यक्रम को संबोधित करते संस्कृति पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी।

गोरखपुर, जेएनएन। पूर्वांचल की लोक कला, सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाओं को सहेजकर उन्हें मंच देने वाले गोरखपुर महोत्सव का मंगलवार को भव्य आगाज हुआ। प्राकृतिक झील के सामने महोत्सव की सबरंगी छटा से आह्लादित संस्कृति पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने उत्तर प्रदेश में भी ईको टूरिज्म बोर्ड बनाने का ऐलान किया। रामगढ़ताल के नया सवेरा और चंदौली के चंद्रप्रभा वाटरफाल का उदाहरण देकर पर्यटन मंत्री ने बताया कि ईको टूरिज्म के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश कितना धनी है, जरूरत है तो बस उन्हें सहेजकर नया स्वरूप देने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में अब कर्नाटक के बाद उत्तर प्रदेश में भी ईको टूरिज्म बोर्ड बनने जा रहा है। यह बोर्ड ऐसे सभी स्थलों के विकास की योजना बनाकर पर्यटकों को लुभाने का काम करेगा।

पहली बार चंपादेवी पार्क में हो रहे गोरखपुर महोत्सव के मुख्य मंच से उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे पर्यटन मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में स्व के सम्मान का भाव नहीं था। 2014 से पहले जब देश में राज्यों की गणना होती थी तो यूपी को निचले पायदान से देखा जाता था। विकास, पर्यटन के अलावा धान, गेहूं, मक्के के उत्पादन में प्रदेश पिछड़ा ही रहता था। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन में नंबर वन है। ईज आफ डुईंग में हम दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

कांग्रस और सपा पर साधा निशाना

कांग्रेस व सपा को निशाने पर साधते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि काशी में विश्वनाथ धाम के विकास का जो सपना बापू (महात्मा गांधी) ने देखा था कांग्रेस के लोग उसे भी पूरा नहीं कर सके। बापू का सपना अगर किसी ने पूरा किया तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उनके मार्गदर्शन व योगी के नेतृत्व में भव्य व दिव्य विश्वनाथ धाम का निर्माण पूर्णता की ओर है, जिसका लोकार्पण सितंबर में हो जाएगा। राज्यमंत्री ने काशी, प्रयागराज, गोरखपुर, विंध्यधाम, चित्रकूट समेत प्रदेश भर में पर्यटन के विकास को लेकर चल रही योजनाओं पर प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी सरकार की योजनाओं की चर्चा कर पूर्ववर्ती सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि अयोध्या में भव्य राममंदिर के साथ-साथ गोरखपुर में एम्स, फर्टिलाइजर, हर जिले में मेडिकल कालेज का निर्माण चल रहा है। सपा की गलत नीतियों के चलते जो किसान ऋणी हो गए थे योगी सरकार ने उनका कर्ज माफ कर सम्मान से जीने का रास्ता दिखाया। गोरखपुर के सांसद रवि किशन, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद समेत विधायकों ने भी महोत्सव के भव्य आयोजन पर चर्चा कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

chat bot
आपका साथी