टै्रक्टर-ट्राली पलटने से बच्ची की मौत

ईदमीलादुन्नबी के जुलूस में शामिल होने आ रही ट्रैक्टर-ट्राली बलुआ चौराहे के पास पलट गई। जिसमें एक बची की मौत हो गई और 14 लोग घायल हैं। ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठने वालों में अधिकांशत बचे थे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 06:15 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 06:15 AM (IST)
टै्रक्टर-ट्राली पलटने से बच्ची की मौत
टै्रक्टर-ट्राली पलटने से बच्ची की मौत

सिद्धार्थनगर : ईदमीलादुन्नबी के जुलूस में शामिल होने आ रही ट्रैक्टर-ट्राली बलुआ चौराहे के पास पलट गई। जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई और 14 लोग घायल हैं। ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठने वालों में अधिकांशत बच्चे थे। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए छह बच्चों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मंगलवार को जुलूस इटवा से निकाला जा रहा था। इसमें शामिल होने के लिए ग्राम मुड़िला मिश्र के कई लोग ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठकर इटवा आ रहे थे। अभी गाड़ी बलुआ चौराहे के पास पहुंची थी कि अचानक ट्राली का हुक निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। वाहन पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। जुलूस में शामिल लोग भी घटना स्थल की ओर दौड़े। भारी भीड़ एकत्रित हो गई। आपा-धापी में जो वाहन मिले, उस पर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा लाया गया। घायलों के पहुंचते ही डाक्टरों व स्टाफ की पूरी टीम चिकित्सीय उपचार में लग गई। नौ वर्षीय आफरीन पुत्री नूर मुहम्मद की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि नाजमा पुत्री हमीद, मरियम पुत्री अकबर अली, कलाम पुत्र अकबर अली, साजिद पुत्र मजीबुल्लाह, अफसाना पुत्री सईद, शाहिदा पुत्री मंगरे, अमीन पुत्र चांद मुहम्मद, फरीदा पुत्री अकबर अली, एक वर्षीय अयान, सभी निवासी मुड़िला मिश्र व सुफियान पुत्र रिजवान गदाखव्वा घायल हुए। इनमें अयान, अमीन, फरीदा, कलाम, अफसाना, सुफियान की नाजुक स्थिति को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक बच्ची को स्वजन घर लेते गए। दुर्घटना की जानकारी होते घटना स्थल व अस्पताल पर पुलिस भी पहुंची थी। क्षण भर में मातम में बदल गई खुशियां सिद्धार्थनगर : 12 रबी अव्वल की सुबह खुशियों की सौगात लेकर आई। क्योंकि आज के दिन पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की यौम-ए-विलादत का है। मुस्लिम बस्तियों की तरह मुड़िला मिश्र गांव में भी ईद मीलादुन्नबी की तैयारी सुबह से शुरू हो गई थी। छोटे-छोटे बच्चे भी जुलूस में शामिल होने की तैयारी में थे। ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठकर बहुत सारे लोग उल्लास के माहौल में नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, परंतु किसी को क्या पता था कि ये खुशी क्षण भर में मातम में बदल जाएगा। एक बच्ची की मौत ने जहां सभी को हिला कर रख दिया तो अन्य 14 घायलों से अफरा-तफरी मच गई।

गांव से ट्रैक्टर-ट्राली जब जुलूस के लिए निकली तो उस पर 15 से 20 लोग सवार थे, जिसमें सर्वाधिक छोटे बच्चे व बच्चियां थीं। घर से अभी निकले ही थे, कि थोड़ी ही देर में बलुआ चौराहे के पास गाड़ी पलटने की खबर मिली। जिसके बाद हर परिवार के लोग दहल गए। उनके बच्चों की स्थिति क्या है, इसको जानने को लेकर बेचैन हो गए। घर की महिलाएं भी बदहवासी में घटना स्थल व अस्पताल की ओर दौड़े। सीएचसी पर पहुंचने पर पता चला कि नौ वर्षीय आफरीन की मौत हो गई है। शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम फैल गया। गंभीर रूप से घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किए गए। घटना से मुड़िला मिश्र गांव जहां शोक में डूब गया तो हर कोई गम में दिखाई दिया। पूरा गांव घायलों के स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहा था।

घायलों का हाल जाना

दुर्घटना के बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय व बसपा नेता अरशद खुर्शीद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। चिकित्सीय टीम से घायलों के बारे में जानकारी लेते हुए तत्कालिक उपचार करने की बात कही।

chat bot
आपका साथी