गोरखपुर में राप्ती तट को साफ रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की, तभी आएंगे पर्यटक
महापौर राप्ती तट स्थित महायोगी गुरु गोरक्षनाथ राज घाट रामघाट और बाबा मुक्तेश्वर नाथ घाट का निरीक्षण कर रहे थे। कहा कि राप्ती नदी में गिरने वाले नाले को मोड़ दिया गया है। साथ ही नाले में ही गंदे पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि राप्ती तट को साफ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम ने सफाई शुरू करा दी है लेकिन नागरिकों को भी ध्यान रखना होगा। पर्यटन के लिहाज से घाट काफी महत्वपूर्ण हो गया है। यहां की शानदार व्यवस्था को ठीक रखने में सभी को सहयोग देना चाहिए।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बने हैं राप्ती तट के घाट
महापौर राप्ती तट स्थित महायोगी गुरु गोरक्षनाथ, राज घाट, रामघाट और बाबा मुक्तेश्वर नाथ घाट का निरीक्षण कर रहे थे। कहा कि राप्ती नदी में गिरने वाले नाले को मोड़ दिया गया है। साथ ही नाले में ही गंदे पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे घाट पर आने वाले स्नानार्थियों को भी कोई दिक्कत नहीं होगी। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि राप्ती तट पर बने घाट पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं। इसलिए यहां पर गंदगी नहीं रहनी चाहिए। पर्यटन केंद्र को बनाए रखने के लिए यहां पर साफ-सफाई रखनी ही होगी। इस दौरान उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, पार्षद संजय श्रीवास्तव, मनोनीत पार्षद मदन अग्रहरि, पार्षद बबलू गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
महेवा मंडी में शौचालय का महापौर ने किया लोकार्पण
महापौर सीताराम जायसवाल ने महेवा मंडी में शौचालय का लोकार्पण किया। काफी समय से मंडी में शौचालय की मांग की जा रही थी। महापौर ने कहा कि महेवा मंडी में पूर्वांचल के कई जिलों से व्यापारी रोजाना आते हैं। इनमें महिलाओं की भी अच्छी-खासी संख्या रहती है। इनकी सहूलियत के लिए शौचालय का निर्माण किया गया है। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि शौचालय को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी नागरिकों की भी है। इस दौरान नगर निगम के उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी, सहायक अभियंता शशिभूषण तिवारी आदि मौजूद रहे।