Heritage Walk in Gorakhpur: गोरक्ष नगरी में भी पर्यटक उठाएंगे हेरिटेज वाक का लुत्फ

बहुत जल्द लखनऊ वाराणसी आगरा की तर्ज पर गोरखपुर में भी हेरिटेज टूरिस्ट वाक की शुरुआत होगी। इस वाक के जरिए पर्यटकों का गोरखपुर के सभी महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक धरोहरों तक सुविधाजनक तरीके से पहुंचना आसान करने की योजना है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 03:07 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 03:07 PM (IST)
Heritage Walk in Gorakhpur: गोरक्ष नगरी में भी पर्यटक उठाएंगे हेरिटेज वाक का लुत्फ
गोरक्ष नगरी में भी पर्यटक उठाएंगे हेरिटेज वाक का लुत्फ। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, डा. राकेश राय। बहुत जल्द लखनऊ, वाराणसी, आगरा की तर्ज पर गोरखपुर में भी हेरिटेज टूरिस्ट वाक की शुरुआत होगी। इस वाक के जरिए पर्यटकों का गोरखपुर के सभी महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक धरोहरों तक सुविधाजनक तरीके से पहुंचना आसान करने की योजना है। जिला प्रशासन के निर्देश और मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वाक का रूट निर्धारित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थलों और धरोहरों की सूची तैयार की जा रही है।

शहर के महत्‍वपूर्ण स्‍थानों को किया जा रहा सूचीबद्ध

एक संभावित सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, बसंत सराय, मोती झील, घंटाघर, बिस्मिल शहीद स्मारक, रीड साहब का धर्मशाला जैसे स्थलों को शामिल किया गया है। अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के चयन के लिए शहर की ऐतिहासिक समझ रखने वाले लोगों से पर्यटन विभाग संपर्क कर रहा है। इंटेक से भी संपर्क साधने जा रहा है। विभाग की योजना शहर में 10 किलोमीटर के हेरिटेज टूरिस्ट वाक की है। स्थलों के चयन के बाद यह दूरी अंतिम रूप से तय की जाएगी। इसे हाफ और फुल दो पैकेज में शुरू करने योजना है।

पर्यटकों को पर्यटन विभाग उपलब्‍ध कराएगा गाइड

पैकेज चुनने का विकल्प पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। हेरिटेज टूरिस्ट वाक के दौरान पर्यटकों को पर्यटन विभाग द्वारा गाइड की सुविधा भी दी जाएगी। गाइड उन्हें महत्वपूर्ण स्थलों को दिखाएगा और साथ ही उनकी खूबियां भी बताएगा। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विभाग टूर आपरेटरों की मदद लेगा। पर्यटकों द्वारा गोरखपुर के लिए टूर प्लान करने के दौरान टूर आपरेटर उन्हें इस वाक की खूबियां बताएंगे और उसी दौरान वाक की बुकिंग भी कर देंगे। एक निश्चित धन देकर कोई भी पर्यटक पर्यटन विभाग की इस सुविधा का लाभ ले सकेगा।

पहले शहर में फिर ग्रामीण क्षेत्र में शुरू होगी यह योजना

पर्यटन विभाग हेरिटेज टूरिस्ट वाक की शुरुआत पहले शहर में कराएगा। बाद में इसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी शुरू करने की योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों को चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें प्राथमिक तौर पर चौरी चौरा स्मारक, तरकुलहा देवी मंदिर, डोहरिया कलां और गोरख तलैया व कबीर धूनी को शामिल किया गया है। इस वाक के लिए दो पहिया और चार पहिया वाहन की सुविधा भी पर्यटकों को दी जाएगी।

खानपान की दुकानों की भी बन रही सूची

वाक के दौरान पर्यटकों के खानपान का इंतजाम भी रहेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ऐसी दुकानों की सूची भी बना रहा है, जहां वाक के दौरान पर्यटकों के लिए नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की जा सकती है। कोशिश ऐसी दुकानों के चयन की है, जो लंबे समय से अपनी गुणवत्ता के लिए मशहूर रही हों।

धरोहर की दृष्टि से काफी समृद्ध है गोरखपुर

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवीेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि धरोहरों की दृष्टि से गोरखपुर काफी समृद्ध् है। इसके सहारे पर्यटकों को गोरखपुर आमंत्रित करने की जरूरत है। इसे ध्यान में रखकर ही पर्यटन विभाग ने यहां हेरिटेज टूरिस्ट वाक शुरू करने की योजना बनाई है। योजना के कार्यान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूरा विश्वास है कि यह योजना पर्यटकों को खूब भाएगी।

chat bot
आपका साथी