आज गोरखपुर आएंगे फ्रांस के राजदूत इमैनुअल लेनिन, गोरखपुर में निवेश को लेकर हो सकती है चर्चा

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुअल लेनिन बुधवार को गोरखपुर आ रहे हैं। गुरुवार की सुबह सात बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर वहां गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी के भी आने की संभावना है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 09:01 AM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 07:09 PM (IST)
आज गोरखपुर आएंगे फ्रांस के राजदूत इमैनुअल लेनिन, गोरखपुर में निवेश को लेकर हो सकती है चर्चा
भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुअल लेनिन। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जेएनएन। भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुअल लेनिन निजी यात्रा पर बुधवार की रात करीब 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। गुरुवार की सुबह सात बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर वहां गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। वह यहां करीब दो घंटे रह सकते हैं। उसके बाद सुबह 10.30 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके साथ उनकी पत्नी के भी आने की संभावना है।

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद होंगे गोरखपुर के लिए रवाना

फ्रांसीसी राजदूत इस समय लखनऊ में हैं। सरकार के कई मंत्रियों एवं अधिकारियों से उनकी मुलाकात हुई है और कई प्रोजेक्ट पर बात भी हुई है। बुधवार को दोपहर बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद वह सड़क मार्ग से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। रास्ते में लेनिन अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम एवं हनुमान का दर्शन कर सकते हैं। उसके बाद गोरखपुर के लिए निकलेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लेनिन के बुधवार की रात गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। वह यहां होटल में रुकेंगे।

प्रशासन की ओर से किए जा रहे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लेनिन के गोरखपुर आने का कार्यक्रम जिला प्रशासन के पास आ चुका है। उनका यहां कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव मंगलवार की देर शाम तक फ्रांसीसी राजदूत के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां करते रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। तैयारी इस बात को ध्यान में रखकर की जा रही है कि यदि वह गीता प्रेस या किसी अन्य स्थल पर जाना चाहें तो दिक्कत न हो। उनके आने से सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा, फार्मेसी व औद्योगिक क्षेत्र में साथ काम करने को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद

जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन गुरुवार की सुबह फ्रांसीसी राजदूत से मिलने जाएंगे। इस मुलाकात में गोरखपुर में भी निवेश करने को लेकर चर्चा हो सकती है। गोरखपुर की खूबियों के बारे में जिलाधिकारी बताएंगे। शिक्षा, फार्मेसी व औद्योगिक क्षेत्र में साथ काम करने को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। गोरखपुर में बनने वाले औद्योगिक गलियारे की जानकारी देते हुए यहां फ्रांसीसी कंपनियों के निवेश को लेकर बात हो सकती है। जिलाधिकारी ने बताया कि फ्रांसीसी राजदूत के आने का कार्यक्रम तय हो चुका है। उनसे मिलकर विभिन्न मुद्दों पर बात की जाएगी।

chat bot
आपका साथी