लॉकडाउन में लोगों के दिलों में बस गया था यह अधिकारी, PMO ने भी सराहा था

गोरखपुर में काम कर चुके आइएएस अधिकारी व इस समय महराजगंज में सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल को गोरखपुर के लोग फ‍िर याद करने लगे हैं। गौरव ने पिछले साल लॉकडाउन में घर-घर भोजन पहुंचाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाया था। इनके कार्य को पीएमओ ने भी सराहा था।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 12:29 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 10:19 PM (IST)
लॉकडाउन में लोगों के दिलों में बस गया था यह अधिकारी, PMO ने भी सराहा था
महराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में जैसे ही कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे यहां के कई लोगों ने महराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के सीयूजी नंबर पर मैसेज कर एक बार फिर गोरखपुर आने की अपील शुरू कर दी है। अपने मैसेज में लगभग सभी लोग कोरोना की पहली लहर में उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए एक बार फिर गोरखपुर में उनकी जरूरत बता रहे हैं। इसके लिए कई लोगों ने शासन को पत्र लिखने की बात भी कही है।

ऐसे-ऐसे मैसेज कर रहे लोग

सीयूजी पर भेजे मैसेज में एक व्यक्ति ने लिखा - 'एक बार फिर गोरखपुर में कोरोना का लहर आ गई है। आप द्वारा कारोना काल का प्रबंधन फिर से जरूरी है।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा 'गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहते हुए जिस तरह का प्रबंधन उनके द्वारा किया गया, उसे एक बार फिर लागू करने की जरूरत है।' प्रतिदिन करीब 100 से अधिक वाट्सएप मैसेज इस अधिकारी के पास पहुंच रहे हैं। उनमें से कई लोगों ने मुख्यमंत्री तक इस बात को पहुंचाने की बात भी लिखी है। साथ ही कई लोगों ने मंडलायुक्त से अनुरोध करने को भी कहा है। मैसेज भेजने वालों में आम लोगोंं के साथ ही स्वयं सेवी संस्थाओं से जुड़े लोग एवं व्यापारी भी शामिल हैं। सोमवार को एक बार फिर जब लाकडाउन की चर्चा आयी तो इस तरह के मैसेज की संख्या बढ़ गई।

यह किया था गौरव सिंह सोगरवाल ने

कोरोना की पहली लहर जब आयी और लाकडाउन लगा तो गौरव सिंह सोगरवाल सदर तहसील में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। लोग घरों में रहें और उन्हें वहीं जरूरत के सभी सामान मिल जाएं, इसके लिए होम डिलीवरी की शुरूआत करायी थी। एक दर्जन से अधिक पोर्टल एवं एप बनाकर उसके जरिए आर्डर नोट करना और लोगों के घर तक सामान पहुंचाने की मुहिम को काफी तारीफ मिली थी। दवा से लेकर हर सामान इस माध्यम से घर पहुंच रहा था। कई किराना स्टोर संचालकों का नंबर भी सार्वजनिक कर उनसे भी सामान घर-घर पहुंचाने को कहा गया था। नियमित रूप से इसकी मानीटरिंग भी होती थी। 

जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने में निभायी थी महत्वपूर्ण भूमिका 

प्रधानमंत्री कार्यालय से भी इस व्यवस्था की तारीफ की गई थी। इसके साथ ही जब शहर के लोग कोरोना की जांच कराने से हिचक रहे थे तो गौरव ने स्वयं ही घर-घर दस्तक दी थी और जांच की महत्ता समझायी थी। नतीजा यह हुआ कि बड़े पैमाने पर लोग घर से निकले और उनके जांच करायी। जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।

जबसे कोरोना की दूसरी लहर आयी है, गोरखपुर के लोगों का रोज बड़े पैमाने पर मैसेज आ रहा है। मैं सभी सह कह रहा हूं कि शासन और प्रशासन अपना काम कर रहा है। किसी को कोई दिक्क्त नहीं होगी। लोगों ने मुझे याद रखा है, इसके लिए सभी का आभार जताता हूं। - गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी, महराजगंज।

chat bot
आपका साथी