परिजन को कमरों में बंद कर चोरों ने खंगाला घर, नकदी समेत करीब तीन लाख के जेवरात चोरी
ढुनमुन यादव का मकान बन रहा है। उनके घर की महिलाएं सुबह उठीं तो देखा कि दरवाजा बाहर से बंद है। किसी तरह से उन्होंने दरवाजा खोला और घर के पुरुषों को भी इसकी जानकारी दी। उनके घर लाखों की चोरी हुई है।
गोरखपुर, जेएनएन। गगहा थाना क्षेत्र के तेवना-तालडोहर में मंगलवार की रात चोरों ने एक घर में घुस कर परिजनों को कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद उन्होंने आराम से घर खंगाला और फरार हो गए। चोरों ने नकदी समेत करीब तीन लाख के जेवरात चोरी किए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तेवना-तालडोहर गांव में ढुनमुन यादव का मकान बन रहा है। उनके घर की महिलाएं सुबह उठीं तो देखा कि दरवाजा बाहर से बंद है। किसी तरह से उन्होंने दरवाजा खोला और घर के पुरुषों को भी इसकी जानकारी दी। छानबीन में पता चला कि गले का हार, दो कंगन, चार अंगूठी, कान के झूमके, नथिया, मांग टीका, पायल सहित करीब 12 हजार रुपये नकद घर से गायब हैं। ढुनमुन यादव ने बताा कि उनका बेटा संजय और बहू गोरखपुर रहते हैं। उनका कमरा खाली था। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ आलमारी व बेड बाक्स में रखे तकरीबन दो लाख पिचहत्तर हजार रुपये के गहने, कपड़े, नकदी आदि उठा ले गए हैं। उन्होंने 112 नंबर पर भी इसकी सूचना दी थी। घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर गांव के हीरा के धान के खेत में टूटा बाक्स, सूटकेस, मेकअप बाक्स व कपड़े मिले हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर एक-एक व्यक्तियों से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।