ट्रक लेकर भाग रहे चोर ने सेवानिवृत्त दारोगा के बेटे और पोते को चाकू घोंपा Gorakhpur News
विराट गौड़ शीशा तोड़ कर ट्रक ले जाने लगा। ट्रक ले जाने की आवाज से अमित की नींद खुल गई और उसने विराेध शुरू कर दिया। अपने को घिरता देखकर विराट ने चाकू से हमला कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र के परसिया बुजुर्ग गांव में रविवार की देर रात ट्रक लेकर भाग रहे चोर ने चाकू मार कर पिता- पुत्र को घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र बनकटी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक थानाक्षेत्र के पिपराबारी निवासी राजमन यादव सेवानिवृत्त दारोगा हैं। रिटायर होने के बाद उन्होंने ट्रक खरीदा था। ट्रक को उनके पुत्र विकास व पोता अमित चलाते हैं। वह लोग प्राय: ट्रक को परसिया बुजुर्ग गांव के पास स्थित मदरसे के समीप खड़ा करते हैं। रविवार को भी ट्रक को मदरसे के पास खड़ा किया गया था। ट्रक में पोता अमित सोया हुआ था। राजमन यादव व उनके पुत्र विकास भी ट्रक के समीप ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान परसिया बुजुर्ग गांव का विराट गौड़ ट्रक के पास पहुंचा।
ट्रक ले जाने की आवाज से खुली नींद
विराट गौड़ शीशा तोड़ कर ट्रक ले जाने लगा। ट्रक ले जाने की आवाज से अमित की नींद खुल गई और उसने विराेध शुरू कर दिया। विकास यादव भी तेजी से दौड़ते हुए ट्रक पर चढ़ गए। अपने को घिरता देखकर विराट ने चाकू से हमला कर पिता-पुत्र ( विकास और अमित) को घायल कर दिया। दोनो को घायल करने के बाद विराट गौड़ ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायल विकास यादव व उनके पुत्र अमित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया गया। वहां पर दोनो घायलों का इलाज चल रहा है। सीओ फरेंदा अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वह नशे की हालत में था। इससे पूर्व भी आरोपित इस तरह की हरकत कर चुका है।