गोरखपुर में बस में बैठने के लिए करनी पड़ रही धक्कामुक्की, कोविड प्रोटोकाल तार- तार Gorakhpur News

गोरखपुर-बस्‍ती मंडल के जिलों में जाने के लिए बस में बैठने के लिए धक्कामुक्की करनी पड़ रही है। डिपो परिसर और बसों में कोविड-19 प्रोटोकाल तार-तार हो रहा है। यात्रियों की कौन कहे रोडवेज के कुछ चालक और परिचालक भी फेसमास्क नहीं पहन रहे हैं।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 05:31 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 06:52 PM (IST)
गोरखपुर में बस में बैठने के लिए करनी पड़ रही धक्कामुक्की, कोविड प्रोटोकाल तार- तार Gorakhpur News
परिवहन निगम की बस का फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। पूर्वांचल के प्रवासी दिल्ली और मुंबई से आकर गोरखपुर में ही फंस जा रहे हैं। रेलवे डिपो परिसर और कचहरी स्टेशन पर उन्हें बसें नहीं मिल रहीं। बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र, ठुठीबारी, महराजगंज, सौनौली, पडरौना, तमकुही, रुद्रपुर, लार और बरहज जाने वाले लोगों को बस में बैठने के लिए धक्कामुक्की करनी पड़ रही है। डिपो परिसर और बसों में कोविड-19 प्रोटोकाल तार-तार हो रहा है। यात्रियों की कौन कहे, रोडवेज के कुछ चालक और परिचालक भी फेसमास्क नहीं पहन रहे हैं।

बसों की हालत भी ठीक नहीं

बसों की स्थिति भी ठीक नहीं है। किसी का दरवाजा हिल रहा तो किसी की खिड़की टूटी हुई है। साफ- सफाई की तो बात ही छोडि़ए, बसें नियमित रूप से सैनिटाइज भी नहीं हो पा रही हैं। यात्री संक्रमण के बीच ही सफर करने को मजबूर हैं। परिवहन निगम का दावा हवा-हवाई साबित हो रहा है। सोमवार को दोपहर में दिल्ली से उतरे बड़ी संख्या में यात्री तमकुही जाने के लिए परेशान थे। उन्हें बिहार जाना था लेकिन कोई सीधी सवारी नहीं मिल रही थी। भूखे-प्यासे प्रवासियों को तेज धूप में बसों का इंतजार भारी पड़ रहा था। रात के समय गोरखपुर पहुंचने वाले लोगों को तो रेलवे स्टेशन परिसर में ही रात गुजारनी पड़ रही है। डग्गामार वाहन प्रवासियों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए मनमाना किराया वसूल रहे हैं।

बिना फेसमास्क पर एक हजार रुपये जुर्माना वसूलेगा रोडवेज

रेलवे की राह पर चलते हुए परिवहन निगम (रोडवेज)  प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। अब रोडवेज बिना फेसमास्क के यात्रियों से एक हजार रुपये जुर्माना वसूलेगा। बिना फेसमास्क के चालक और  परिचालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक क्षेत्रयी प्रबंधक केके तिवारी के अनुसार चेतावनी के बाद भी कुछ यात्री और रोडवेजकर्मी बिना फेसमास्क के ही यात्रा कर रहे हैं। जबकि, लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। फेसमास्क तो अनवार्य भी है। ऐसे में अब बिना फेसमास्क के यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि बसों की साफ-सफाई कराई जा रही हैं। बसें सैनिटाइज भी कराई जा रही हैं। बसों की कमी के सवाल पर बताया कि कुछ बसें पंचायत चुनाव में लगा दी गई थीं। इसके चलते दिक्कतें आई हैं। यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कराई जा रही है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी